सेक्स रैकेट संचालन में गिरफ्तार 20 आरोपियों को जेल
सिविल लाइंस स्थित माॅल में स्पा सेंटर व मसाज पार्लर की आड़ में सेक्स रैकेट का संचालन करने के सभी 20 आरोपी रविवार को जेल भेज दिए गए। इन सभी को देर शाम विशेष रिमांड मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया। जहां रिमांड मंजूर होने पर उन्हें दो दिन के लिए न्यायिक हिरासत में नैनी जेल भेज दिया गया।
आरोपियों में 13 महिलाएं व युवतियां और सात पुरुष हैं। महिलाओं में से एक लूकरगंज निवासी सपना देवी जंक्शन स्पा सेंटर की संचालक है। इसके अलावा गिरफ्तार पुरुषों में दो स्पा सेंटरों के मैनेजर भी शामिल हैं। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, पूछताछ में यह बात सामने आई है कि पैराडाइज स्पा सेंटर का मालिक समीर खान निवासी वाराणसी व मैनजर भानु निवासी गोरखपुर है।
इसके अलावा न्यू ग्रीन व वेव्स स्पा सेंटर का मालिक गौरव कुमार है और वह भी वाराणसी का ही रहने वाला है। यह तीनों आरोपी पुलिस को चकमा देकर मौके से भाग निकलने में कामयाब हो गए। मुकदमे में इन्हें भी आरोपी बनाया गया है और इनकी तलाश की जा रही है। प्रभारी सिविल लाइंस रामाश्रय यादव ने बताया कि सभी आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।
जबरन भी कराते थे देह व्यापार
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, पकड़ी गई महिलाओं व युवतियों से पूछताछ में यह बात भी सामने आई है कि कई बार उनसे जबरन देह व्यापार कराया जाता था। मालिक व मैनेजर इसके लिए दबाव बनाते थे और ऐसा न करने पर नौकरी से निकालने की धमकी देते थे। यह भी बताया कि मसाज व स्पा के लिए ग्राहक जो पैसा देते थे, उसे मालिक व मैनेजर स्वयं रख लेते थे। जबकि देह व्यापार से मिलने वाली राशि में से आधे रुपये उन्हें दे दिए जाते थे।