श्रृंगवेरपुर में महाकुंभ के तहत चल रहे कार्यों का निरीक्षण करते मेलाधिकारी विजय किरन आनंद।
- फोटो : संवाद
कुंभ मेलाधिकारी विजय किरन आनंद एवं जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार माँदड़ ने रविवार को विभागीय अधिकारियों संग महाकुंभ के कार्यों का निरीक्षण किया। इस दाैरान उन्होंने गंगा नदी पर बन रहे छह लेन ब्रिज की जानकारी ली। साथ ही अल्टरनेट स्टील ब्रिज के माध्यम से इसे सुचारु करने के निर्देश दिए। इसके अलावा रायबरेली-प्रयागराज फोर लेन के तीन चरणों का कार्य भी 15 नवंबर तक करने के निर्देश दिए, ताकि महाकुंभ में इसका लाभ देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को मिल सके। वहीं चाैथे चरण का कार्य महाकुंभ के बाद कराया जाएगा।
महाकुंभ से पहले गंगा नदी पर सिक्स लेन पुल निर्माण से निर्माणदायी संस्था एनएचएआई ने पहले ही हाथ खड़े कर दिए हैं। ऐसे में अब अल्टरनेट स्टील ब्रिज बनाकर महाकुंभ से पहले इसे सुचारु करने की तैयारी चल रही है। इससे महाकुंभ में आने वाले श्रद्धालुओं को राहत मिलेगी और लखनऊ, प्रतापगढ़ और अयोध्या से आने वाले वाहनों को जाम से भी नहीं जूझना पड़ेगा। रविवार को निरीक्षण के दाैरान मेलाधिकारी और जिलाधिकारी ने हर हाल में वैकल्पिक व्यवस्था कर इसे 15 नवंबर तक संचालित करने के निर्देश दिए, ताकि महाकुंभ में इसका लाभ मिल सके।