सैम हिगिनबॉटम यूनिवर्सिटी ऑफ एग्रीकल्चर, टेक्नाेलॉजी एंड साइंसेस (शुआट्स) के कुलपति प्रो. आरबी लाल से नैनी जेल में दो घंटे तक पूछताछ हुई। हत्या के प्रयास के मामले में नैनी व धर्म परिवर्तन समेत अन्य आरोप में दर्ज मामले में नवाबगंज पुलिस ने उनसे सवाल दागे। साथ ही उनका बयान भी दर्ज किया। मुकदमे में अब कार्रवाई आगे बढ़ाई जाएगी।
एक दिन पहले ही नवाबगंज पुलिस ने वीसी का रिमांड बनवाया था। यह मामला बीते वर्ष 11 दिसंबर को दर्ज हुआ था। उधर, नैनी थाने में 31 दिसंबर को आरबी लाल समेत तीन पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज हुआ था। दोनों मामलों के विवेचक कोर्ट से अनुमति लेकर शुक्रवार को वीसी से पूछताछ के लिए नैनी जेल में पहुंचे। सूत्राें के मुताबिक, वहां नैनी पुलिस ने उनसे 31 दिसंबर को हुई घटना के बाबत सवाल पूछे।
पूछा कि घटना में उनके साथ मौजूद रहे दो अन्य लोग कौन थे। साथ ही घटना में प्रयुक्त असलहे व फॉर्च्यूनर के बाबत भी जानकारी हासिल की। उधर, नवाबगंज पुलिस ने धर्म परिवर्तन, रंगदारी मांगने के आरोपों के साथ-साथ एक अन्य आरोपी रामसेवक सरोज के संबंध में सवाल पूछे।
दो घंटे तक विस्तृत पूछताछ के बाद पुलिस ने उनका बयान दर्ज किया और फिर वापस चली आई। नैनी व नवाबगंज पुलिस अब मुकदमे में आगे की कार्रवाई करेंगी। इस मामले में अफसर फिलहाल ज्यादा कुछ बताने को तैयार नहीं हैं। डीसीपी यमुनानगर अभिनव त्यागी ने बताया कि जांच पड़ताल चल रही है। विवेचना के क्रम में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।
दोनों मुकदमों अज्ञात आरोपियों की तलाश
नैनी व नवाबगंज, दोनों ही थानों में दर्ज मुकदमों में बनाए गए अज्ञात आरोपियों की तलाश में अब पुलिस जुट गई है। नैनी में दर्ज हत्या के प्रयास के आरोप में दर्ज मुकदमे में दो अज्ञात आरोपी हैं। जबकि नवाबगंज में दर्ज मुकदमे में अज्ञात में बनाए गए आरोपियों की संख्या नहीं दर्शाई गई है। पुलिस का कहना है कि जांच पड़ताल में जो भी तथ्य सामने आए हैं, उनके आधार पर अज्ञात आरोपियों की तलाश की जा रही है।