कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) की ओर से शनिवार से सीपीओ एसआई के लिए शुरू हुई ऑनलाइन परीक्षा में पहले दिन सर्वर डाउन होने से परीक्षार्थियों ने हंगामा किया। सर्वर डाउन होने पर एसएससी की ओर से शहर के दो परीक्षा केंद्रों की परीक्षा निरस्त करके उसे 11 जून को कराने का फैसला किया है। शहर के स्प्लेश इंटरप्राइजेज कंप्यूटर सेंटर परीक्षा केंद्र की दोनों पालियों की परीक्षा निरस्त हो गई, जबकि संध्या कंप्यूटर परीक्षा केंद्र की पहली पाली की परीक्षा निरस्त की गई है।
इसके साथ ही पहली पाली में आठ और दूसरी पाली में पांच केंद्रों अर्थात कुल मिलाकर 13 केंद्रों की परीक्षा निरस्त कर दी गई। निरस्त परीक्षाएं 11 जून को होंगी। परीक्षार्थियों ने आरोप लगाया है कि केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में कंप्यूटर की व्यवस्था नहीं होने के बावजूद उन्हें केंद्र बना दिया गया था। जब परीक्षार्थी अंदर पहुंच गए तो केंद्र व्यवस्थापकों ने गेट पर तालाबंदी करके छात्रों से अभद्र व्यवहार किया। परीक्षा के बाद छात्रों ने केंद्र के बाहर नारेबाजी की।
एसएससी की ओर से सीपीओ एसआई की दोबारा कराई गई ऑनलाइन परीक्षा उत्तर प्रदेश एवं बिहार के कुल आठ शहरों में हुई। पहली पाली में 60 परीक्षा केंद्रों पर कुल 7605 परीक्षार्थी जबकि दूसरी पाली में 49 केंद्रों पर 5970 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। परीक्षा में 65 फीसदी उपस्थिति रही। एसएससी मध्य क्षेत्र के निदेशक ने बताया कि कुछ केंद्रों पर सर्वर डाउन होने के कारण परीक्षार्थियों को प्रश्नपत्र हल करने में परेशानी हुई। इस कारण से इन केंद्रों की परीक्षा 11 जून को कराने का फैसला किया गया है।