एयरपोर्ट पर बम की सूचना पर बृहस्पतिवार को हड़कंप मच गया। यहां सुरक्षा बलों ने टर्मिनल में बैठे यात्रियों को बाहर जाने कहा। इसके बाद पुलिस के साथ आए बम स्क्वायड ने वहां छानबीन शुरू कर दी। थोड़ी ही देर में टर्मिनल स्थित बुक स्टॉल में बम भी मिला। उसे मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। इसके बाद ही वहां यात्रियों को प्रवेश दिया गया। यह भी बताया गया कि एयरपोर्ट में जो कुछ भी हुआ वह सिर्फ मॉकड्रिल था। सुरक्षा व्यवस्था परखने के लिए ही यहां मॉकड्रिल किया गया।
दरअसल सिविल टर्मिनल में यात्रियों की आवाजाही एक जनवरी 2019 को ही शुरू हुई है। हालांकि सिविल टर्मिनल शुरू होने के बाद उसकी सुरक्षा व्यवस्था अब तक परखी नहीं गई थी। इसे देखते हुए बम थ्रेड रिव्यू कमेटी की बैठक बृहस्पतिवार की दोपहर 12.30 बजे सिविल टर्मिनल में हुई। एयरपोर्ट निदेशक सुनील यादव, एसपी सिटी बृजेश श्रीवास्तव, मुख्य सुरक्षा अधिकारी श्याम कार्तिक सिंह, टर्मिनल मैनेजर रोहित कुमार, विंग कमांडर पीए बाबू, वाईपी सिंह की मौजूदगी में हुई बैठक में ही मॉकड्रिल किए जाने की रणनीति बनी।
इसके बाद एयरपोर्ट टर्मिनल में एक काल्पनिक आतंकवादी द्वारा बम रखे जाने की सूचना फोन पर दी गई। यह सुनते ही एयरपोर्ट तक तैनात सुरक्षाकर्मी एवं अन्य कर्मचारी हरकत में आ गए। बम निरोधी दस्ते को सूचना दी गई। इस दौरान टर्मिनल में बैठे यात्रियों को बाहर कर दिया। इसके बाद बम निरोधी दस्ते की मदद से बम की खोजबीन शुरू हुई। टीआर बुक स्टॉल पर बम निरोधी दस्ते ने बम बरामद कर उसे मौके पर ही निष्क्रिय कर दिया। इसके बाद ही यात्रियों को अंदर इंट्री दी गई। उन्हें यह भी बताया गया कि यह सिर्फ मॉकड्रिल था। मॉकड्रिल की बात सुनने के बाद ही यात्रियों ने राहत भरी सांस ली।