नैतिक विकास शोध संस्थान सेवा ट्रस्ट की पहल पर सावन के चौथे दिन भी विश्व जन कल्याण सहित कोरोना महामारी से निजात एवं मनोकामना पूर्ति के लिए जारी अनंत पार्थिव शिवलिंग निर्माण महायज्ञ के तहत बुधवार को भोलेनाथ का चमेली के फूलों से मनोहारी शृंगार किया गया।
आचार्य पं.पवन देव के आचार्यत्व में त्रिवेणी बांध स्थित श्री कृपासिंधु हनुमान काले हनुमान मन्दिर भक्तों ने पार्थिव शिवलिंग का निर्माण कर भगवान भोलेनाथ से आशीर्वाद मांगा। बतौर मुख्य अतिथि उद्यान अधीक्षक सीमा सिंह राणा और मुख्य यजमान संस्था महासचिव सत्य प्रकाश पांडेय ने सपत्नीक भोलेनाथ का चमेली के फूलों से अभिषेक किया।
यज्ञ स्थल पर शिवपुराण की कथा कहते हुए पं.अभिषेक मिश्रा ने बताया कि चमेली के फूलों से शृंगार करने से बुद्धि, जीवन भर निर्मल बनी रहती है, मनुष्य का शरीर सुगंधित रहता है, उसे कभी दुर्गंध का अनुभव नहीं होता और इस सुगंध के कारण शत्रु भी उसके वशीभूत हो जाते हैं। संस्था के संस्थापक अध्यक्ष एवं यज्ञ संयोजक श्याम सूरत पांडेय ने सभी से पूजा में शामिल होने का अनुरोध किया। अभिषेक आरती में प्रमुख संरक्षक फूलचन्द्र दुबे, बीके पांडेय, राजनाथ तिवारी, राजेंद्र तिवारी दुकानजी, आशा पांडेय, ओमानंद जी महाराज, योगिराज देवरहा जंगल बाबा,श्रवण दुबे, धर्मेन्द्र गिरि, प्रभाकर मिश्र बनकटा, रविशंकर मिश्रा आदि मौजूद थे।