लगेंगे सीसीटीवी कैमरे, बनेगी जल पुलिस चौकी
संगम क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। बोर्ड की बैठक में इस पर निर्णय हुआ। कैमरों की मदद से सुरक्षा की दृष्टि से मेला क्षेत्र की निगरानी की जाएगी, साथ ही सफाई कर्मियों एवं सफाई व्यवस्था पर भी नजर रखी जा सकेगी। इसके अलावा जल पुलिस चौकी बनाए जाने का भी निर्णय लिया गया।
प्राधिकरण के गठन के चार साल बाद भी अधिकार स्पष्ट नहीं
प्रयागराज मेला प्राधिकरण का गठन तो 2018 में ही हो गया था, लेकिन वित्तीय समेत कई तरह के अधिकार अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। सबसे अधिक समस्या वित्तीय अधिकार को लेकर है। इससे कई काम शुरू नहीं हो पा रहे। बोर्ड की बैठक में इस पर भी विस्तार से चर्चा हुई। हालांकि कोई निर्णय नहीं लिया जा सका।
संगम नोज पर बनेगी फूड कोर्ट, बाजार भी
संगम नोज पर फूड कोर्ट, बाजार की व्यवस्था समेत अन्य सुविधाएं दिए जाने की कवायद एक बार शुरू की गई है। संगम क्षेत्र में पूरे वर्ष पर्यटक तथा श्रद्धालु आते हैं। इसके अलावा छुट्टियों के दिन शहरियों की भी भीड़ उमड़ती है। इसे देखते हुए घाटों के विस्तार के खाने-पीने की सुविधा दिए जाने का निर्णय लिया गया है। वहां स्थानीय स्तर पर तैयार होने वाली वस्तुआें के हाट लगाए जाने समेत कई अन्य निर्णय लिए गए हैं।
पुलिस चौकी, पार्किंग की व्यवस्था आदि सुविधाओं की बहाली का भी निर्णय लिया गया है। दो साल पहले इन कार्यों के लिए टेंडर की प्रक्रिया भी शुरू की गई थी, लेकिन कोरोना संक्रमण की वजह से काम बीच में ही रुक गया। अब फिर से इन सुविधाओें की बहाली की कवायद शुरू की गई है। बोर्ड की बैठक में इसकी प्रक्रिया जल्द शुरू तथा सुविधाएं बहाल करने का का निर्णय लिया गया।
बैठक के महत्वपूर्ण निर्णय
0 प्राधिकरण कार्यालय में बनेगा रिकार्ड रूम, सुरक्षित रहेंगे दस्तावेज
0 त्रिवेणी तथा अन्य घाटों का होगा विस्तार, नियमित होगी आरती
0 आउट सोर्स पर नियुक्त कर्मचारियों को दिया गया सेवा विस्तार
0 नैनी पुल पर होगी लाइटिंग की समुचित एवं नियमित व्यवस्था