लंदन की ग्रेयरी और निशा की शादी टूटे चार साल हो गए लेकिन सनातन परंपरा के संपर्क में आए तो एक बार फिर एक हो गए। विदेशों में ऐसे बहुत से जोड़े हैं, जो किसी न किसी वजह से अलग हो गए लेकिन सनातन परंपरा ने उन्हें एक कर दिया। इसके चलते न केवल उनका परिवार एक हो रहा है बल्कि सनातन परंपरा को अपनाने की ललक दुनिया भर के लोगों में बढ़ रही है।
लंदन के ही पामेला और टाइसन की शादी दो साल पहले टूट गई। टाइसन नशे की गिरफ्त में थे। पामेला की आए दिन पिटाई करते। तंग आकर उसने तलाक ले लिया। टाइसन निराश थे। सनातन धर्म का सहारा मिला तो नशे की लत छूटने लगी। गणेश पूजा के दौरान दोनों एक बार फिर मिले और सारे गिले शिकवे दूर कर एक हो गए।
हाल ही में चार देशों के प्रवास पर गए बड़े हनुमान जी के संत आनंद गिरी के मुताबिक वे सनातन पद्धति को स्वीकार कर रहे हैं। पूजा, हवन, यज्ञ में बढ़ चढ़कर शामिल हो रहे हैं। बताया कि चार सप्ताह के प्रवास के दौरान इंग्लैंड, जर्मनी, इटली, फ्रांस, थाईलैंड में कई जगह यज्ञ हवन के कार्यक्रम हुए। थाईलैंड के सुखोम व्यापारी हैं। सनातन धर्म से प्रभावित होकर उन्होंने शाकाहार को अपनाया और इसके प्रचार प्रसार में जुटे हुए हैं। बताया वे 108 स्थानों पर हुई आरती पूजा समारोह में शामिल हुए। आयोजन में शामिल विदेशियों ने टीका क्यों लगाते हैं, रक्षाबंधन पर्व का महत्व, शाकाहार और तनाव मुक्त रहने के लिए योग ध्यान की बारीकियां जानना चाहा। बताया कि दीपावली के बाद वे न्यूजीलैंड और आस्ट्रेलिया सनातन धर्म की अलख जगाने जाएंगे।