बकौल अमित पांडेय, स्पा सेंटर का वीडियो उसने ही बनाया था। वजह पूछने पर बताया कि समीर खान और उसके गुर्गों ने डेढ़ महीने पहले उसके दोस्त को स्पा सेंटर के बाहर पीटा था। इसका बदला लेने के लिए उसने अपने दोस्तों के साथ हफ्तों इनकी रेकी की। समीर और उसके गुर्गों के सभी सोशल मीडिया अकाउंट खंगाले, गाड़ियों की जानकारी जुटाई और वीडियो एक्स पर पोस्ट कर पुलिस से कार्रवाई करा दी। अमित के मुताबिक समीर के सिविल लाइंस में ही छह स्पा सेंटर अभी चल रहे हैं। एक स्पा सेंटर कैंट में भी संचालित है। इसकी जानकारी भी सभी को है।
सेक्स रैकेट मामले में माॅल मालिक, कर्मचारियों से पूछताछ
सिविल लाइंस में स्पा सेंटर की आड़ में सेक्स रैकेट संचालन के मामले की जांच के क्रम में एक बार फिर पुलिस पी स्क्वॉयर मॉल में पहुंची। यहां जांच में जुटे अफसरों ने मॉल मालिक संजीव जैन व कर्मचारियों से पूछताछ की। मॉल मालिक ने बताया कि जिन चार दुकानों में स्पा सेंटर चल रहे थे, उनमें से दो दुकानें वह बेच चुके थे जबकि दो किराये पर दी थी।
सूत्रों के मुताबिक, पूछताछ में मॉल मालिक ने बताया कि स्पा सेंटर के नाम पर उनसे दो दुकानें किराये पर ली गई थीं। जबकि दो अन्य दुकानें उन्होंने पहले ही बेच दी थी। उन्होंने यह भी कहा कि स्पा सेंटर में होने वाली अनैतिक गतिविधियों के बारे में उन्हें कोई जानकारी नहीं थी। उनसे पूछताछ के बाद पुलिस ने मॉल के कुछ कर्मचारियों से भी पूछताछ की। गौरतलब है कि 30 अगस्त को इस रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने 13 युवतियों व महिलाओं समेत 20 को गिरफ्तार किया था। एक सितंबर को सभी आरोपी जेल भेज दिए गए थे।
शहर छोड़कर भाग निकले तीन फरार आरोपी
पुलिस सूत्रों का कहना है कि इस मामले के तीन फरार चल रहे आरोपी शहर छोड़कर भाग निकले हैं। इनमें समीर खान, गौरव व भानु शामिल है। समीर व गौरव वाराणसी के रहने वाले हैं। समीर के बारे में यह भी बात सामने आई है कि अतीक अहमद गैंग से जुड़े मरियाडीह, बेली व फाफामऊ स्थित रूदापुर के कई युवकों का उससे मिलना-जुलना था। वह समीर के स्पा सेंटरों में भी अक्सर आते थे। समीर के दो और नाम सामने आए हैं जिनमें से एक सुल्तान व दूसरा अबू बकर है जो वह अलग-अलग लोगों को बताता था।
फिलहाल पुलिस के साथ ही एसओजी की तीन टीमें फरार आरोपियों की तलाश में लगी हैं लेकिन सात दिन बाद भी उनका कोई सुराग नहीं मिल सका है। एसीपी मनोज कुमार सिंह का कहना है कि आरोपियाें की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। उनके हरसंभव ठिकानों पर पहुंचकर तलाश की जा रही है।