मेला क्षेत्र में भूमि और सुविधाओं के आवंटन की मांग को लेकर तीन दिन से धरने दे रहे साधु -संतों ने शनिवार को डिप्टी सीएम का वाहन रोक लिया। ज्ञापन देकर भूमि सुविधा दिलाने की मांग की। करीब 20 मिनट तक डिप्टी सीएम से एसपी मेला दफ्तर से सामने वार्ता होती रही, लेकिन हल नहीं निकला। डिप्टी सीएम ने दो प्रदर्शनकारियों को बताया कि नई संस्थाओं के लिए बजट नहीं है, इसलिए उनको मेला क्षेत्र में सुविधाएं नहीं मिल सकती हैं।
इससे नाराज संतों ने रविवार से सीएम आवास पर आंदोलन करने की चेतावनी दी। डिप्टी सीएम का वाहन रोकने वालों में महंत अंबुज कुमार पांडेय, जय सीताराम असहाय वृद्ध सेवा संस्थान के संत दूधनाथ शास्त्री, जय सीताराम तप एवं ज्ञान आश्रम के संत राम बहादुर शास्त्री, स्वामी दीनानंद राजेश्वरी कल्याण के स्वामी दीनानंद, रामचंद सेवा संस्थान के स्वामी भीम महाराज, हरिओम सेवा शिविर के अमृत लाल, मां शक्तिपीठ की साध्वी मधु तिवारी, आश्रम अंजनीगढ़ के त्रिलोचनानंद महाराज और शैक्षणिक सेवा न्याय राघवानंद के बलदेवानंद परमहंस शामिल थे।