रेलवे ने विभागीय प्रमोशन के लिए तीन दिन तक चली ऑन लाइन परीक्षा की रिस्पांस आंसर की और ऑब्जेशन फार्म शनिवार को जारी कर दिया। भारतीय रेल के इतिहास में यह पहला मौका है कि जब किसी परीक्षा के संपन्न होने के बाद अगले दिन ही उसकी आंसर की जारी हुई। फिलहाल इस परीक्षा में शामिल हुए रेलकर्मियों से कहा गया है कि वह नौ अगस्त तक अपनी आपत्ति दर्ज करवा सकते हैं।
दरअसल पांच वर्ष के अंतराल के बाद ही रेलवे द्वारा विभागीय प्रोन्नति परीक्षा आरआरसी के माध्यम से ली। रेलवे भर्ती प्रकोष्ठ ( आरआरसी) द्वारा परीक्षा के लिए तमाम नई व्यवस्था लागू की। इसके लिए पहली बार सभी केंद्रों में सीसीटीवी कैमरे लगाने के साथ आरआरसी कार्यालय में कंट्रोल कमांड सेंटर बनाया गया। चार अगस्त से छह अगस्त के बीच हुई इस परीक्षा में 20 हजार से ज्यादा रेलकर्मी शामिल हुए।
परीक्षा संपन्न होने के बाद 24 घंटे के अंदर ही आरआरसी ने आंसर की जारी कर दी। आरआरसी प्रयागराज की इस व्यवस्था की रेलवे बोर्ड तक ने सराहना की है। साथ ही विभागीय परीक्षा को लेकर आरआरसी द्वारा किए गए तमाम इंतजाम को अब अन्य जोनल रेलवे से भी अपनाने को कहा गया है। आरआरसी प्रयागराज के चेयरमैन अतुल मिश्र ने बताया कि उनकी तैयारी है कि सप्ताह भर में ही इस परीक्षा का रिजल्ट दे दिया जाए। उन्होंने बताया कि 329 पदों पर प्रमोशन के लिए 29 हजार से ज्यादा रेलकर्मियों ने आवेदन किया था।