पुलिस लाइन में रहने वाली मंशा देवी ने पुलिसकर्मी बेटे, बहू समेत तीन लोगों के खिलाफ कर्नलगंज थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोप है कि बेटे ने फर्जीवाड़ा कर उसके पति की जगह नौकरी पा ली और अपनी पत्नी संग मिलकर मारपीट कर उसे घर से निकालने की कोशिश की। साथ ही मारपीट कर आठ हजार रुपये छीन लिए। कोर्ट केआदेश पर कर्नलगंज पुलिस ने धोखाधड़ी समेत 11 धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।
भुक्तभोगी ने पुलिस को बताया कि उसके पति भारत लाल पीएचक्यू में फॉलोवर थे। आरोप है कि बेटे गोपाल ने बेहोशी की हालत में स्टांप व सादे कागजात पर दस्तखत करवारकर अनुकंपा के आधार पर नौकरी पा ली। उसने नौकरी के लिए जो शैक्षिक प्रमाणपत्र लगाए, वह फर्जी हैं। जिसे पुलिस विभाग के ही कर्मचारी विनोद कुमार राय ने बनवाए थे।
यही नहीं एक दिन बेटा अपनी पत्नी सोनम संग घर आया और घर से निकलने को धमकाते हुए मारपीट कर नगदी छीन ली। शोर पर आसपास के लोगों के जुटने पर भाग गए। आरोप है कि घटना की सूचना कर्नलगंज थाने में देने के साथ ही समस्त आलाधिकारियों को दी गई लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। जिसके बाद उसने कोर्ट में गुहार लगाकर कार्रवाई की मांग की। कोर्ट के आदेश पर कर्नलगंज पुलिस ने तीनों नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।