रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) इलाहाबाद की ओर से नॉन टेक्निकल पापुलर कैटेगरी (एनटीपीसी) के विभिन्न पदों के लिए आयोजित मुख्य परीक्षा के लिए प्रवेशपत्र शुक्रवार से डाउनलोड होने शुरू हो गए। 17 से 19 जनवरी के बीच होने वाली इस परीक्षा को लेकर आरआरबी इलाहाबाद की ओर से इस बार सुरक्षा के तमाम इंतजाम करने का दावा किया गया है। कहा गया है कि इस बार परीक्षा केंद्रों पर रेल सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवान भी तैनात रहेंगे।
बता दें कि एनटीपीसी के 18252 पदों पर भर्ती के लिए पिछले साल 28 मार्च 2016 से 30 अप्रैल तक ऑन लाइन प्री परीक्षा ली गई। तब यूपी एसटीएफ की टीम ने 22 अप्रैल को इलाहाबाद में कुछ लोगों को ऑनलाइन पेपर के सेट के साथ पकड़ा था। इसे लेकर खासा हो हल्ला हुआ। बाद में आरआरबी इलाहाबाद ने कुछ केंद्रोें की परीक्षा निरस्त कर दी। इसके बाद परीक्षा नये केंद्रों में ली गई। प्री परीक्षा का रिजल्ट आने के बाद अब मुख्य परीक्षा इलाहाबाद के साथ लखनऊ, कानपुर एवं ग्वालियर के 12 केंद्रों में होने जा रही है। परीक्षा में किसी तरह की कोई गड़बड़ी न हो इसके लिए आरआरबी ने इस बार व्यापक तैयारी की है।
आरआरबी ने यूपी पुलिस और एसटीएफ से भी सहयोग मांगा है ताकि परीक्षा में कोई चूक न हो। इसके अलावा आरआरबी ने हर एक परीक्षा केंद्र में इस बार आरपीएफ की तैनाती कराने का भी निर्णय लिया है। इसके अलावा मेटल डिटेक्टर भी हर एक केंद्र में रहेंगे। क्योंकि मुख्य परीक्षा भी ऑन लाइन होनी है इसलिए आरआरबी की आईटी टीम को भी एलर्ट कर दिया गया है। आरआरबी इलाहाबाद के चेयरमैन एसएएम नकवी के मुताबिक इस बार परीक्षार्थियों को अपने परीक्षा केंद्र जानने में चार दिन पहले ही जानकारी मिली है।