गाजीपुर के विधायक और प्रदेश सरकार में मंत्री विजय मिश्र के खिलाफ दाखिल चुनाव याचिका में हाईकोर्ट डाक से पड़े मतों की गणना 16 जनवरी को कराएगा। डाक मतों का बक्सा कोर्ट ने पहले ही तलब कर लिया था।
गाजीपुर से प्रत्याशी रहे डॉ. राजकुमार गौतम ने चुनाव याचिका दाखिल कर विजय मिश्र के निर्वाचन को चुनौती दी है। आरोप है कि जिला निर्वाचन अधिकारी ने डाक से आए मतों की गणना कराए बिना ही चुनाव परिणाम घोषित कर दिया।
जीत-हार का अंतर बेहद मामूली है। याची का कहना है कि यदि डाक मतों की गणना कराई जाती तो परिणाम बदल सकता है। चुनाव में विजय मिश्र 241 मतों से विजयी घोषित किए गए, जबकि डाक से आए 1030 मतों की गिनती नहीं की गई। याचिका पर न्यायमूर्ति पंकज मित्तल सुनवाई कर रहे हैं। याची की ओर से अधिवक्ता नरेंद्र कुमार पांडेय ने बहस की।