राज्यसभा सांसद कुंवर रेवती रमण सिंह के कूल्हे में फैक्चर हो गया है। बुधवार शाम अशोक नगर स्थित आवास में वह अपने कमरे में फिसलकर गिर गए थे। चोट लगने की सूचना मिलने पर मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने एयर एंबुलेंस की व्यवस्था कराई। इलाहाबाद में दृश्यता कम होने के कारण उन्हें बृहस्पतिवार को वाराणसी से एयर एंबुलेंस के जरिए दिल्ली स्थित एम्स भेजा गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
अशोक नगर स्थित आवास पर बुधवार शाम करीब चार बजे कार्यकर्ताओं से मिलने के बाद रेवती कमरे में जाते समय फिसलकर गिर गए। इससे उनके कूल्हे में गंभीर चोट लग गई। आवास पर मौजूद लोगों ने उन्हें उठाया। इसकी सूचना डॉक्टरों को मिली तो वह उनके आवास पर पहुंचे। करछना में कार्यक्रम में शामिल पुत्र उज्जवल रमण सिंह को भी सूचना दी गई तो वह कार्यक्रम छोड़कर तत्काल घर पहुंचे।
इस बीच कुछ नेता भी वहां पहुंच गए। डॉक्टरों में उनके दाहिनी कूल्हे में फ्रैक्चर बताया। उज्जवल ने इसकी सूचना मुख्यमंत्री को दी तो उन्होंने एयर एंबुलेंस की व्यवस्था कराई। बृहस्पतिवार दिन में 12 बजे उज्ज्वल उन्हें सड़क मार्ग से एंबुलेंस के जरिए वाराणसी बाबतपुर हवाई अड्डे लेकर पहुंचे, जहां से एयर एंबुलेंस से दिल्ली भेजा गया। सपा जिला उपाध्यक्ष विनय कुशवाहा ने बताया कि सांसद की स्थिति खतरे से बाहर है।