सिविल लाइंस स्थित विशाल मेगा मार्ट के सामने कृष्णा परिसर अपार्टमेंट के निवासी जलभराव से परेशान हैं। अपार्टमेंट की पार्किंग में सीवर का पानी भर गया है। यहां तीन दिनों से बिजली भी नहीं है। निवासियों ने बताया कि फुटपाथ के नीचे बनी सीवर पाइपलाइन ध्वस्त होने से पानी बैकफ्लो होकर अपार्टमेंट की पार्किंग में पहुंच रहा है।
अपार्टमेंट के पीछे की नाली भी पूरी तरह चोक है। इससे बारिश में समस्या गंभीर हो गई है। कृष्णा परिसर में करीब 44 फ्लैट और 28 दुकानें हैं। परिसर में दुर्गंध और गंदगी का माहौल बना हुआ है। हालात से परेशान कई लोग रिश्तेदारों के यहां चले गए हैं, जबकि कुछ लोग होटल में रह रहे हैं। निवासियों की गाड़ियां भी खराब हो गई हैं।
अपार्टमेंट में रह रहे लोगों को बिजली व पानी की समस्या का भी सामना करना पड़ रहा है। रोजमर्रा के काम प्रभावित हो रहे हैं। नीचे मार्केट के दुकानदारों का कारोबार भी प्रभावित है। बिजली नहीं होने से कई दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद कर दी हैं।
हालात से परेशान कई लोग रिश्तेदारों के यहां चले गए हैं। तीन दिनों से बिजली न होने से मोबाइल तक चार्ज नहीं हो सके। पीने का पानी तक नहीं मिल पा रहा है। - यज्ञेश, स्थानीय निवासी
मार्केट में बिजली नहीं होने से दुकानदारी पूरी तरह प्रभावित हो गई है। कई दुकानदार दुकानें बंद कर चले गए हैं। तनतीर, व्यापारी
अपार्टमेंट के पार्किंग से पानी निकालने में समय लग रहा है। जैसे-जैसे पानी निकाला जा रहा है वैसे ही फिर भर जाता है। नाले-नालियां के ऊपर ही गाड़ियां खड़ी रहती हैं। इससे नाली की सफाई नहीं हो पाती है। - अमित सिंह, पार्षद, वार्ड 26 सिविल लाइंस प्रथम
पार्किंग में पानी भरने पर अपार्टमेंट निवासियों की सूचना पर सुरक्षा की दृष्टि से बिजली काट दी गई थी। बृहस्पतिवार दोपहर करीब तीन बजे बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई। - कृष्णा पाल, अवर अभियंता