होलागढ़ के खुटहना गांव में जहर से एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत के मामले ने सोमवार को एक नया मोड़ ले लिया। मां गीता ने अपनी ही बेटी पर खाने में जहर मिलाने का आरोप लगाते हुए उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी। बेटी के साथ ही कुछ नजदीकी रिश्तेदारों को भी गीता ने नामजद किया है। उनका यह भी आरोप है कि घर से रुपये गहने भी चुराए गए। पुलिस का कहना है कि तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच की जा रही है। मां और बेटी दोनों के बयान दर्ज किए जाएंगे।
खुटहना गांव में 28 जुलाई को सज्जन पटेल की नाबालिग बेटी ने खाना बनाकर पूरे परिवार को खिलाया। इसके बाद पूरे परिवार की तबियत बिगड़ने लगी। परिवार के सभी लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां सबसे पहले सज्जन पटेल की मौत हो गई। बाद में दो बच्चों की भी मौत हो गई। सज्जन की पत्नी गीता देवी और नाबालिग बेटी का अभी भी अस्पताल में उपचार चल रहा है।
इस घटना से बाद से ही गांव में तरह तरह की बातें चल रहीं थी। किसी का कहना था कि परिवार ने सामूहिक रूप से जहर खा लिया तो कोई कह रहा था कि किसी ने खाने में जहर डाल दिया। पुलिस का कहना था कि परिवार के लोग फूड प्वाइजनिंग के शिकार हो गए। इसी एंगल पर जांच की जा रही थी। सोमवार को पूरा मामला की पलट गया। मां गीता देवी ने अपनी नाबालिग बेटी पर खाने में जहर मिलाकर पूरे परिवार को मारने का आरोप लगाया गया। उनकी ओर से थाने में तहरीर दी गई।
नाबालिग बेटी के अलावा, अजय कुमार, विमल कुमार, विकास कुमार, विशाल, मातादेव और गुड्डी के खिलाफ हत्या और षड्यंत्र रचने की धारा के साथ गहने और रकम की चोरी की भी धारा लगाई गई है। इंस्पेक्टर होलागढ़ ने बताया कि गीता का कहना है कि खाना बनाने के बाद बेटी बगल में रिश्तेदारों के घर में छिपी थी। फिलहाल जांच की जा रही है। बेटी ने भी वही खाना खाया था। वह भी अस्पताल में भर्ती है। ठीक होने पर उसका बयान लिया जाएगा। उसके खिलाफ जो भी आरोप लगाए हैं, उसके बारे में पूछताछ की जाएगी।