शुक्रवार को हाईटेंशन लाइन का तार गिरने से हुई थी किसान की मौत
मीरगंज। खेत में बिजली का तार टूटने से किसान की मौत के बाद हुए बवाल पर शनिवार को पुलिस ने 27 नामजद और तीस अज्ञात के खिलाफ विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस की कार्रवाई से गांव में दहशत का माहौल है। गांव में कोई कुछ बोलने को तैयार नहीं है।
गांव पैगानगरी उर्फ नगरिया भगत निवासी किसान विजय कुमार गंगवार (26) शुक्रवार सुबह खेत पर गन्ना बुआई करने के लिए जा रहा था। चकरोड से जाते वक्त उसके ऊपर हाई टेंशन लाइन का तार गिर गया था। जिससे उसकी मौत हो गई थी। जिसके बाद गुस्साए ग्रामीणों ने सुबह नौ बजे से 11 बजे तक नल नगरिया अड्डे से होकर गुजर रहे नेशनल हाइवे 24 पर शव रखकर विरोध प्रदर्शन करते हुए जाम लगाया था। सीओ सुनील कुमार राय, एसडीएम कमलेश कुमार सिंह और इंस्पेक्टर दयाशंकर प्रदर्शनकारियों को समझाते रहे लेकिन लोग नहीं माने तो पुलिस ने बल प्रयोग कर भीड़ को खदेड़ दिया था। पुलिस की मौजूदगी में विजय कुमार गंगवार के शव की अंत्येष्टि कर दी गई थी। शनिवार को पुलिस ने 67 लोगों को खिलाफ विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली। 27 नामजद लोगों की तलाश के लिए पुलिस ने तलाश शुरू कर दी है। जिससे गांव में दहशत का माहौल है। नामजद लोगों में पैगानगरी के दीपक, देवपाल, सुरेंद्र, भानू, छंगे, लालू,, प्रेमपाल, कामेंद्र, योगेंद्र कुमार, मुनेंद्र, रामस्वरूप, तुलाराम, नरेंद्र दिवाकर, अशोक, नितिन, जोगेश, लालता प्रसाद, नरेंद्र, मुकेश, भजन लाल उर्फ वंटू, कुंदन लाल, संजू, रवि, टेकचन्द, यादराम, धनपाल शामिल हैं।
शोक संवेदना जताने पहुंचे नेता
पीएम के बाद जब विजय का शव गांव पहुंचा तो सपा के पूर्व विधायक सुल्तान वेग, सपा नेता एवं ब्लाक शेरगढ के ब्लाक प्रमुख भूपेंद्र कुर्मी एवं बसपा नेता कुंवर भानू प्रताप सिंह एवं तमाम भाजपा नेता भी मौके पर पहुंचे और परिवार को सांत्वना देकर चले गए।