थाना क्षेत्र कोतारी गांव में चौदह दिन पहले दारु लाने से मना करने पर दबंग ने एक युवक का हाथ चलती मशीन में डाल दिया। इस दौरान युवक की दो उंगलियां कटकर मौके पर ही गिर पड़ीं।
भुक्तभोगी खून से लथपथ हालत में झूंसी थाने पहुंचा और आरोपी के खिलाफ लिखित तहरीर दी लेकिन आरोप है उसे फटकार कर भगा दिया गया। चौदह दिन बाद सोमवार को आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
थाना क्षेत्र के कोतारी गांव निवासी शुभम पुत्र गनेश पासी सात दिसंबर की शाम तकरीबन छह बजे घर से कुछ सामान लेने के लिए निकला था। लौटते वक्त रास्ते में गांव के दबंग ने उसे रोक लिया तथा जबरन अपने साथ लिवा गया।
आरोप है कि दबंग ने शुभम से दो बोतल दारु लाने को कहा। युवक ने मना किया तो आरोप है कि दबंग संजय मौर्य ने युवक का हाथ पकड़कर चलती मशीन में डाल दिया।
मौके पर ही उसकी दो उंगलियां कटकर गिर गईं। भुक्तभोगी खून से लथपथ हालत में झूंसी थाने पहुंचा लेकिन फटकार उसे भगा दिया गया। अगले दो दिनों तक आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कराने को थाने का चक्कर लगाया लेकिन सुनवाई नहीं हुई।
भुक्तभोगी ने आला अफसरों से गुहार लगाई तो चौदह दिन बाद सोमवार को आरोपी संजय मौर्य के खिलाफ हरिजन एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया गया। अभी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।