प्रदेश के 75 जिलों में लगेंगे उद्योग
शृंग्वेरपुर में आयोजित रामायण काॅन्क्लेव के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि लखनऊ में आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टर समिट में दुनिया भर के 36 देशों की कंपनियों ने प्रतिभाग किया था। इनमें से कई ने पूरे प्रदेश में अरबों-खरबों का निवेश कर 75 जिलों में छोटी, बड़ी कंपनियां लगाने का प्रस्ताव रखा है। समिट में प्रयागराज को भी बहुत कुछ मिलने वाला है।
2025 तक कुंभ से जुड़ जाएगा शृंग्वेरपुर धाम
केशव प्रसाद मौर्य ने शृंग्वेरपुर के विकास पर चर्चा करते हुए कहा कि 2014 से पहले और बाद का विकास लोग देख रहे हैं। पिछली सरकारों में लूट खसोट और पैसे की बंदरबांट हो रही थी। 2014 के बाद का अंतर दिख रहा है। भगवान श्रीराम-निषादराज की मिलन स्थली का विकास तेजी से हुआ है। 2025 तक धाम को कुंभ से जोड़ दिया जाएगा। कुंभ में आने वाले करोड़ों लोग शृंग्वेरपुर धाम जरूर आएंगे।
आरंभ हो गया है रामवनगमन मार्ग निर्माण
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि राम वन गमन मार्ग बनना शुरू हो गया है। मेरा प्रयास होगा कि 2024 से पहले शृंग्वेरपुर में फोरलेन गंगा सेतु बनकर तैयार हो जाए। इसलिए कि चाहे चित्रकूट जाने वाला हो, अथवा भरद्वाज आश्रम के लिए शृंग्वेरपुर आए बगैर यात्रा अधूरी रहेगी। शृंग्वेरपुर पर्यटन हब बनकर तैयार होगा। इससे रोजगार और व्यापार के अवसर भी मिलेंगे।