उत्तर रेलवे और मध्य रेलवे के तमाम रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों को मिल रहे डिस्पोजल बेडरोल की सुविधा आने वाले दिनों में प्रयागराज जंक्शन, कानपुर सेंट्रल समेत उत्तर मध्य रेलवे के अन्य रेलवे स्टेशनों पर मिल सकती है। अन्य जोनल रेलवे की तरह एनसीआर प्रशासन ने भी यात्रियों को
डिस्पोजल बेेडरोल उपलब्ध करवाने पर मंथन शुरू कर दिया गया है।
इसकी रूपरेखा क्या होगी, इसका निर्धारण अफसरों द्वारा जल्द किया जाएगा। दरअसल कोविड की पहली लहर के पूर्व ही रेलवे द्वारा ट्रेनों के एसी कोच में दी जाने वाली बेडरोल की सुविधा बंद कर दी गई थी। तकरीबन 19 माह से यह सेवा बंद चल रही है। हालांकि बीते कुछ माह के दौरान कुछ जोनल रेलवे द्वारा स्थानीय स्तर पर यात्रियों को डिस्पोजल बेडरोल की सुविधा देनी शुरू कर दी है।
इसके लिए स्टेशनों पर काउंटर भी खोले गए हैं। वहां निर्धारित भुगतान कर यात्री डिस्पोजल बेडरोल प्राप्त कर सकत हैं। इसमें चादर, कंबल, तौलिया आदि शामिल है। उत्तर मध्य रेलवे की बात करें तो अभी यहां किसी भी बड़े स्टेशन पर डिस्पोजल बेडरोल की सुविधा नहीं है। वहीं यात्रियों द्वारा लगातार मांग की जा रही है कि जंक्शन पर डिस्पोजल बेडरोल की सुविधा दी जाए।
इस बारे में एनसीआर के सीपीआरओ डा. शिवम शर्मा का कहना है कि दूसरे जोनल रेलवे में डिस्पोजल बेडरोल की क्या व्यवस्था है उसके बारे में मालूम किया जा रहा है। डिस्पोजल बेडरोल को लेकर जल्द ही कोई निर्णय लिया जाएगा।