महज तीन दिन में 11,296 यात्रियों के रिजर्वेशन हुए निरस्त
जंक्शन पर की जा रही यार्ड रिमॉडलिंग के चलते 16 अक्तूबर से 21 अक्तूबर तक पांच दर्जन से ज्यादा ट्रेनों के डायवर्जन और दर्जन भर ट्रेनों के निरस्तीकरण का असर दिखना शुरू हो गया है। महज तीन दिन में ही प्रयागराज जंक्शन और अन्य स्टेशनों के रिजर्वेशन काउंटर से 11,296 यात्रियों के आरक्षित टिकट निरस्त हो चुके हैं। यह आंकड़ा आने वाले दिनों में 15 हजार के पार जाने का अनुमान है।
रेलवे द्वारा जंक्शन के यार्ड की रिमॉडलिंग का कार्य शुरू किया गया है। इस वजह से 16 से 21 अक्तूबर तक यहां से गुजरने वाली वाराणसी-नई दिल्ली वंदे भारत समेत पांच दर्जन से ज्यादा ट्रेनें डायवर्ट कर दी गई हैं।
प्रयागराज न आने की वजह से जिन यात्रियों का संबंधित ट्रेनों में रिजर्वेशन था वह उसे अब निरस्त कराने लगे हैं। फिलहाल आठ से दस अक्तूबर के मध्य प्रयागराज के तमाम रेलवे स्टेशनों पर स्थित रिजर्वेशन काउंटर और आईआरसीटीसी के माध्यम से बुक हुए 11,296 यात्रियों के टिकट निरस्त हुए हैं। इसकी एवज में रेलवे द्वारा 86.93 लाख का रिफंड यात्रियों को दिया जा चुका है। बताया जा रहा है कि ट्रेनों का डायवर्जन 16 अक्तूबर से है, ऐसे में टिकट निरस्तीकरण की संख्या अभी और बढ़ सकती है। इस बारे में प्रयागराज मंडल के पीआरओ अमित कुमार सिंह का कहना है कि ट्रेनों के डायवर्जन और उनके निरस्तीकरण की वजह से ही टिकट निरस्तीकरण की संख्या बढ़ी है।
कब कितने यात्रियों के टिकट हुए निरस्त
तारीख यात्रियों की संख्या रिफंड की राशि
- 08 अक्तूबर 3701 29,83,192
- 09 अक्तूबर 3625 27,77,233
- 10 अक्तूबर 2970 29,32,766