नई दिल्ली से पुरी जाने वाली पुरुषोत्तम एक्सप्रेस के एसी कोच में बैठने को लेकर शुक्रवार की सुबह खूब हंगामा हुआ। ट्रेन के एसी कोच में चुनाव ड्यूटी पर जा रहे कुछ सुरक्षा कर्मी चढ़ गए। इसका आरक्षित टिकट वाले यात्रियों ने विरोध किया। इस दौरान दोनों ही पक्ष में जमकर बहस हुई। एक यात्री की सुरक्षाकर्मियों ने पिटाई भी कर दी। इस बीच ट्रेन में 11 बार चेन पुलिंग भी हुई।
पुरुषोत्तम एक्सप्रेस में एसी थ्री कोच बी-3 में चुनाव ड्यूटी के लिए जा रहे सुरक्षाकर्मी सवार हो गए थे। इस दौरान तमाम सुरक्षाकर्मी यात्रियों की आरक्षित सीट पर बैठ गए। बताया जा रहा है रास्ते में ही यात्रियों ने इसका विरोध किया। कानपुर के बाद कुछ सुरक्षाकर्मियों ने एक बर्थ में सो रहे यात्री को उठा दिया। इससे यात्री भड़क गया। पहले दोनों में खूब बहस हुई। बाद में सुरक्षाकर्मी ने यात्री की पिटाई कर दी। ट्रेन इलाहाबाद जंक्शन पहुंची तो यात्रियों ने चेन पुलिंग कर उसे रोक लिया।
निर्धारित ठहराव दस मिनट बाद ट्रेन चलने को हुई तो उसे चेन पुलिंग कर रोक लिया गया। यात्री सुरक्षाकर्मियों को कोच से उतारे जाने की मांग पर अड़ गए। इस आपाधापी में 11 बार चेन पुलिंग कर दी गई। सूचना पाकर आरपीएफ प्रभारी बीपी सिंह मौके पर पहुंची। तब तक यात्री से मारपीट करने वाला सुरक्षाकर्मी वहां से जा चुका था। आरपीएफ ने यात्रियों को किसी तरह से समझा बुझाकर शांत किया। सुबह 7.44 बजे आई पुरुषोत्तम एक्सप्रेस बाद में 8.40 बजे इलाहाबाद जंक्शन से रवाना हो सकी। हालांकि आरपीएफ और जीआरपी ने इस मामले में यात्री द्वारा लिखित शिकायत न किए जाने की बात कही है।