कोतवाली में बाइकसवार लुटेरों ने आतंक मचा रखा है। महिला बैंक मैनेजर से पर्स छीनने की घटना के अगले ही दिन महिला डॉक्टर अमिता सिंह से पर्स छिनैती का मामला सामने आया है। खास बात यह कि घटना सूरजकुंड पुलिस चौकी के सामने हुई। पर्स में इसमें नौ हजार नगद के अलावा अन्य सामान था। हर बार की तरह पुलिस पहुंची लेकिन लुटेरों का सुराग नहीं हासिल कर पाई।
जार्जटाउन के लाउदर रोड निवासी डा. अमिता जिला महिला चिकित्सालय में कार्यरत हैं। देर शाम डयूटी से घर जाते समय निरंजन डॉट पुल के पास बाइकसवार दो बदमाशों ने उनका पर्स छीन लिया। जब तक वह कुछ समझ पाती, दोनों भाग चुके थे। पर्स में नगदी के अलावा जरूरी दस्तावेज, घर की चाबी भी थी।
जिस जगह घटना हुई, वहीं से चंद कदम की दूर पर सूरजकुंड पुलिस चौकी है। इसके बावजूद वारदात को अंजाम देकर निकल भागना बताता है कि बदमाश पूरी तरह बेखौफ हैं। यही वजह है कि वह पुलिस चौकी के सामने भी वारदात करने से पीछे नहीं हट रहे। गौरतलब है कि एक दिन पहले कोतवाली क्षेत्र में ही मेडिकल चौराहे के पास एसबीआई एग्रीकल्चर शाखा की मैनेजर रूबी गुप्ता से पर्स छिनैती हुई थी। मामले में हर बार की तरह कोतवाली पुलिस यही कहती रही कि लुटेरों का पता लगाया जा रहा है।