बिजली आपूर्ति ठप होने से नाराज जनता सोमवार की रात सड़कों पर उतर आई। इस दौरान दो अलग-अलग उप केंद्रों पर जमकर हंगामा हुआ।तेलियरगंज उपकेंद्र पर सैकड़ों नागरिकों ने नारेबाजी की। इसी तरह सुबह से बिजली न होने से परेशान लोगों ने रामपुरिया रोड उप केंद्र पर जमकर शोर-शराबा किया। बवाल बढ़ने की आशंका को देखते हुए अभियंताओं ने आपूर्ति बहाल करने की दिशा में मशक्कत शुरू की। तेलियरगंज में ट्राली ट्रांसफारमर लगाए जाने के बाद आपूर्ति बहाल हो सकी ,लेकिन रामपुरिया फीडर देर रात तक चालू नहीं हो सका था।
400 केवीए क्षमता का ट्रांसफारमर में स्पार्किंग के चलते तेलियरगंज इलाके में दो दिन से बिजली न होने से पानी के लिए भी हाहाकार मचा हुआ था। इलाके के लोग उपकेंद्र के एसडीओ और एक्सईएन से लगातार ट्रांसफारमर बदलने के लिए गुहार लगाते रहे, लेकिन 48 घंटे बाद भी जब स्थिति जस की तस रही, तब सोमवार की रात आठ बजे सैकड़ों लोग उप केंद्र पर पहुंचकर हंगामा मचाने लगे। कुछ युवकों ने तोड़फोड़ की भी कोशिश की। उपखंड अधिकारी अमित कुमार ने बवाल की जानकारी एक्सईएन ओपी मिश्रा को दी। एक्सईएन के निर्देश पर रात को ही ट्राली ट्रांसफारमर भिजवा कर लगवाया गया, तब जाकर लोगों का गुस्सा नरम पड़ा।
इसी तरह रामपुरिया रोड का भी इसी क्षमता का ट्रांसफारमर दिन के 10 बजे जल गया। शाम तक ट्रांसफारमर बदला नहीं गया तो इलाके के लोग उपकेंद्र पहुंचकर शोर-शराबा करने लगे। एक्सईएन योगेश कुमार ने बताया कि वहां दूसरा ट्रांसफारमर लगाने का काम शुरू कर दिया गया है। हालांकि देर रात तक लोग छतों, सड़कों पर टहल कर बिजली आने का इंतजार करते रहे। उधर, नार्थ मलाका में भी सुबह पांच बजे बिजली चली गई। इससे पानी नहीं आया। पूर्व पार्षद पुलकित यादव ने बताया कि बिजली न होने से पानी की भी आपूर्ति ठप हो गई। इससे तमाम घरों में सुबह बच्चों को स्कूल भेजने के लिए समय से तैयार नहीं कराया जा सका। यहां शाम चार बजे आपूर्ति बहाल हो सकी।
कुंभ के तहत पारेषण लाइन में हो रहे काम के मद्देनजर सोमवार को चार उपकेंद्रों से दो घंटे बिजली आपूर्ति ठप रही। एक्सईएन ओपी मिश्रा ने बताया कि बेली, मजार, गोविंदपुर और तेलियरगंज उपकेंद्रों से शट डाउन के चलते सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक आपूर्ति नहीं हो सकी। इस अवधि के बाद बिजली आपूर्ति शुरू कराई गई।