Prayagraj News: Arrested Allahabad University Prof. Mohammed Shahid
- फोटो : prayagraj
मरकज से लौटने की बात छिपाने के कारण जेल गए इविवि के प्रो. मो. शाहिद पर निलंबन की तलवार लटक रही है। उनके खिलाफ केंद्रीय सेवा नियमावली के तहत कार्रवाई की तैयारी है। हालांकि, इविवि प्रशासन को कार्रवाई से पहले पुलिस और जिला प्रशासन से अधिकृत रूप से सूचना मिलने का इंतजार है।
इविवि में राजनीति विज्ञान विभाग के प्रो. मो. शाहिद को पुलिस ने जेल भेज दिया है। केंद्रीय सेवा नियमावली के अनुसार अगर कोई कर्मचारी या अधिकारी चौबीस घंटे तक जेल में बंद रहता है तो उसके खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की जा सकती है। प्रोफेसर को जेल भेजे जाने की सूचना इविवि प्रशासन को अब तक अधिकृत तौर पर नहीं मिली है, सो इविवि प्रशासन अभी किसी तरह की कार्रवाई नहीं कर सकता है।
इविवि प्रशासन अगर भविष्य में प्रोफेसर के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई करता है तो इस कार्रवाई को कार्य परिषद में भी रिपोर्ट किया जाएगा। इविवि के पीआरओ डॉ. शैलेंद्र कुमार मिश्र का कहना है कि पुलिस या जिला प्रशासन की ओर से अधिकृत रूप से सूचना मिलने के बाद विवि के नियमों-परिनियमों का अध्ययन किया जाएगा और इसी आधार पर इविवि प्रशासन की ओर से प्रोफेसर के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।