व्यावसायिक शिक्षा में अब 70 वर्ष तक बन सकेंगे अतिथि शिक्षक
प्रदेश के माध्यमिक विद्यालयों में व्यावसायिक शिक्षा में कार्यरत अतिथि शिक्षकों से अब 70 वर्ष की आयु तक शिक्षण कार्य लिया जा सकेगा। माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से जारी सूचना में कहा गया है कि पहले व्यावसायिक शिक्षकों को 60 वर्ष के बाद नियुक्त नहीं किया जाता था। विभाग की ओर से यह आदेश प्रदेश में योग्य व्यावसायिक शिक्षकों की कमी को देखते हुए लिया गया है।
प्रदेश सरकार के माध्यमिक शिक्षा अनुभाग के विशेष सचिव उदयभानु त्रिपाठी की ओर से जारी विज्ञप्ति में कहा गया है कि माध्यमिक शिक्षा में संचालित रोजगारपरक व्यावसायिक शिक्षा में कार्यरत अतिथि विषय विशेषज्ञों को शैक्षणिक कार्य करने में आर रही समस्याओं के निवारण के लिए यह निर्णय लिया गया है। जारी आदेश में कहा गया है कि 60 वर्ष से अधिक आयु के अतिथि विषय विशेषज्ञों को 70 वर्ष की आयु तक इस प्रतिबंध के साथ रखा जाएगा कि हर दो वर्ष में सेवानवीनीकरण की संस्तुति उनके कार्यों, योग्यता के आधार पर मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में गठित समिति करेगी। समिति में जिला विद्यालय निरीक्षक, राजकीय इंटर कॉलेज के एक प्रधानाचार्य तथा मुख्य विकास अधिकारी की ओर से नामित संबंधित विषय के विशेषज्ञ भी होंगे। सरकार की ओर से 70 वर्ष की आयु तक अतिथि शिक्षक रखे जाने के निर्णय का व्यावसायिक शिक्षकों ने स्वागत किया है।