सूबे के सभी संसदीय क्षेत्रों
में बनेंगे 80 स्टेट हाइवे
डिप्टी सीएम केशव ने कहा कि सभी विस क्षेत्रों में बनाएं जाएंगे दो-दो छोटे सेतु
60 मीटर से चौड़े नेशनल हाइवे और एक्सप्रेस वे से जोड़े जाएंगे संपर्क मार्ग
प्रयागराज। सूबे के सभी संसदीय क्षेत्रों में राज्य सरकार ने 80 स्टेट हाइवे बनाने का निर्णय लिया है। बुधवार को प्रयागराज पहुंचे डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि सरकार प्रदेश की सभी 80 सीटों पर नए स्टेट हाइवे बनाने की योजना बना रही है। इसके अलावा सूबे की हर विधानसभा में दो-दो नए छोटे सेतु भी बनाए जाएंगे। इसमें मुख्य रूप से विधानसभाओं में ऐसी छोटी नदियां चिह्नित की जा रही हैं, जहां सेतु की जरूरत है।
सर्किट हाउस में हुई बातचीत के दौरान डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा प्रदेश में सड़कों का जाल बिछाया जा रहा है। इसी कड़ी में सूबे की सभी संसदीय सीटों पर नए 80 स्टेट हाइवे भी बनाए जाएंगे। डिप्टी सीएम ने कहा कि प्रदेश में ऐसे राष्ट्रीय राजमार्ग और एक्सप्रेस वे जिनके किनारे आधा किलोमीटर की दूरी पर आबादी है, उन्हें नेशनल हाइवे और एक्सप्रेस वे से जोड़ा जाएगा। कहा कि अमेरिका की तरक्की वहां की सड़कों की वजह से हुई। वहां सड़कों का जाल बिछा हुआ है। उसी तर्ज पर प्रदेश में भी सड़कों का जाल बिछाया जा रहा है। कहा कि यूपी नंबर वन होगा, तभी देश नंबर वन बनेगा। इसके अलावा सभी रेल फाटकों को खत्म करके वहां रेल ओवर ब्रिज (आरओबी) बनाने का काम भी युद्ध स्तर पर चल रहा है। प्रदेश में बढ़ रही आपराधिक घटनाओं को लेकर डिप्टी सीएम ने कहा कि यह बात सही है कि पिछले दिनों कुछ घटनाएं हुई, लेकिन इन घटनाओं को अंजाम देने वाले अपराधी पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं। अपराधी लगातार पकड़े जा रहे हैं।
सड़क किनारे नहीं लगेंगे विदेशी पौधे
डिप्टी सीएम ने कहा कि प्रदेश में ढाई लाख किलोमीटर सड़क के किनारे हर्बल पौधे लगाए जाने की योजना है। सड़कों के किनारे एक भी विदेशी पौधा नहीं लगाया जाएगा। सभी स्थानों पर देशी पौधे ही लगाए जाएंगे। इसके अलावा जहां भी जमीन खाली है उसे हरा भरा करने के लिए वहां वृहद स्तर पर पौधरोपण किया जाएगा।
भाजपाइयों ने उठाया टोल का मुद्दा
सर्किट हाउस में जन सुनवाई के बाद डिप्टी सीएम के समक्ष भाजपा यमुनापार अध्यक्ष शिवदत्त पटेल, सुबोध सिंह, पूर्व विधायक दीपक पटेल आदि ने यमुनापार में तीन स्थानों पर लिए जा रहे टोल टैक्स का मामला उठाया। कहा कि यमुना ब्रिज से टोल प्लाजा हटने के बाद अब तीन स्थानों पर टोल टैक्स की वसूली की जा रही है। इस पर डिप्टी सीएम ने भाजपाइयों को आश्वस्त किया कि वे इस संबंध में जिलाधिकारी से बात करेंगे।