याची की ओर से कहा गया कि उसने नगर पालिका में हुई वित्तीय अनियमितता के मामले में शिकायत की थी। मामले में एडीएम ने जांच की तो शिकायत सही पाई गई। जांच में तीन वित्तीय अनियमितताएं पकड़ी गईं।
इलाहाबाद हाईकोर्ट ने हाथरस नगर पालिका अध्यक्ष आशीष शर्मा के खिलाफ वित्तीय अनियमितता के मामले में हुई जांच में कारण बताओ नोटिस पर जल्द ही कार्रवाई प्रक्रिया को आगे बढ़ाने का निर्देश दिया है। कोर्ट ने यह निर्देश यूपी सरकार की ओर से जानकारी मुहैया कराए जाने के बाद दिया है। यह निर्देश न्यायमूर्ति मनोज कुमार गुप्ता और न्यायमूर्ति जयंत बनर्जी की खंडपीठ ने प्रशांत कौशिक की याचिका निस्तारित करते हुए दिया है।
विज्ञापन
याची की ओर से कहा गया कि उसने नगर पालिका में हुई वित्तीय अनियमितता के मामले में शिकायत की थी। मामले में एडीएम ने जांच की तो शिकायत सही पाई गई। जांच में तीन वित्तीय अनियमितताएं पकड़ी गईं। इस पर 17 अगस्त 2022 को अध्यक्ष को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया। लेकिन, वह जवाब देने से बच रहे हैं और बार-बार प्रार्थनापत्र देकर जवाब देने की तारीख को आगे बढ़वा रहे हैं।
लिहाजा, मामले में जारी नोटिस की कार्रवाई प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाए। कोर्ट ने मामले में पहले सुनवाई करते हुए यूपी सरकार से जानकारी मुहैया कराने को कहा था। सुनवाई के दौरान सरकारी अधिवक्ता ने बताया कि कारण बताओ नोटिस केतहत जल्द ही कार्रवाई की जाएगी। सरकार की ओर से आश्वासन मिलने के बाद कोर्ट ने इस पर कार्रवाई का निर्देश देते हुए याचिका को निस्तारित कर दिया।