गर्मी में पेयजल समस्या के स्थायी समाधान की पहल शुरू हो गई है। जल निगम व नगर पंचायत द्वारा तैयार की गई विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) शासन को भेज दी गई है। साथ ही सर्वे शुरू कर दिया गया है।
अधिशासी अधिकारी अमित कुमार व जल निगम के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से सर्वे का शुभारंभ कराया। योजना के तहत नगर क्षेत्र को दो जोन में विभाजित कर पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ किया जाएगा ताकि आपूर्ति का संतुलन बना रहे और हर वार्ड तक पर्याप्त पानी पहुंच सके। परियोजना के अंतर्गत राम भवन चौराहा स्थित परिसर में 700 केएल का नया ओवरहेड टैंक व रानीगंज क्षेत्र में 600 केएल क्षमता का एक और ओवरहेड टैंक बनाया जाएगा।
इसके अतिरिक्त नगर की जर्जर व पुरानी पाइप लाइन को बदलकर नई पाइप लाइन बिछाई जाएगी जिससे लीकेज की समस्या समाप्त हो और जलापूर्ति निर्बाध रूप से हो सके। करीब 80 करोड़ रुपये की इस प्रस्तावित योजना के लिए सर्वे कर रिपोर्ट तैयार की जाएगी। शासन से स्वीकृति मिलने के बाद वर्ष 2028 तक कार्य पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।