सबकुछ योजना के मुताबिक रहा तो संगमनगरी में वर्ष 2031 में लगने वाले कुंभ के दौरान फाफामऊ रेलवे स्टेशन टर्मिनल स्टेशन के रूप में विकसित हो जाएगा। यहां से तमाम शहरों के लिए सीधी ट्रेनें चलाई जा सकेंगी। महाकुंभ से प्राप्त अनुभव को देखते हुए उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल ने फाफामऊ को टर्मिनल स्टेशन के रूप में विकसित करने का प्रस्ताव भेजे जाने की तैयारी की है।
दरअसल महाकुंभ के दौरान शहर के नौ रेलवे स्टेशनों का नोडल उत्तर मध्य रेलवे को ही बनाया गया था। इस दौरान फाफामऊ से कई शहरों के लिए सीधी ट्रेन चलाई गई थी। यहां महाकुंभ के पूर्व स्टेशन की नई बिल्डिंग बनाए जाने के साथ सेकेंड एंट्री भी तैयार की गई थी।
प्रयागराज में अब 2031 में कुंभ और 2037 में महाकुंभ होगा। ऐसे में भीड़ प्रबंधन के लिए एनसीआर के प्रयागराज मंडल द्वारा एक विशेष रिपोर्ट तैयार की गई है। इसमें बताया गया है कि उत्तर रेलवे के प्रयागराज संगम, प्रयाग जंक्शन स्टेशन के मुकाबले फाफामऊ स्टेशन पर जगह ज्यादा है।
वहां वॉशिंग लाइन, सिक लाइन और होल्डिंग एरिया बनाया जा सकता है। प्रयागराज मंडल के एडीआरएम संजय कुमार सिंह के मुताबिक फाफामऊ रेलवे स्टेशन को टर्मिनल स्टेशन बनाने के लिए एक रिपोर्ट तैयार की गई है। यह रिपोर्ट रेलवे बोर्ड को भेजी जाएगी। बोर्ड ही टर्मिनल बनाए जाने का निर्णय लेगा।