घर के भीतर युवक ने फांसी लगाकर जान दी
खुल्दाबाद की घटना, एक माह पहले पत्नी चली गई थी मायके
प्रयागराज। खुल्दाबाद के करबला में दीपक कुमार (22) ने घर के भीतर फांसी लगाकर जान दे दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की लेकिन किसी तरह का कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। लेकिन यह बात सामने आई है कि पत्नी के मायके से लौटकर न आने से वह तनाव में था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कैंट के राजापुर निवासी दीपक प्राइवेट काम करके अपना व परिवार का खर्च चलाता था। छह माह पहले उसने खागा फतेहपुर की रहने वाली प्रिया से प्रेम विवाह किया था। परिवारवाले खुश नहीं थे, ऐसे में वह करबला में किराये पर कमरा लेकर पत्नी के साथ रहने लगा। उसकी पत्नी एक महीने पहले मायके चली गई थी और तब से वापस नहीं आई। शनिवार को दीपक ने घर के भीतर ही फांसी लगा ली। जानकारी पर आसपास के लोग उसे अस्पताल ले गए लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। खुल्दाबाद पुलिस ने बताया कि सूचना पर परिजन भी आ गए लेकिन वह खुदकुशी की वजह नहीं बता सके। जांच पड़ताल की जा रही है। ब्यूरो