श्रीराधा-कृष्ण की बरामद मूर्ति को गंगाजल से स्नान कराते महंत।
- फोटो : संवाद
शृंग्वेरपुर के गऊघाट आश्रम मंदिर से चोरी हुई राधा-कृष्ण की अष्टधातु की मूर्ति आठ दिन बाद हाईवे के सर्विस मार्ग के बगल से बरामद हो गई। सूचना पर पहुंची स्थानीय पुलिस को मौके से चोर का माफीनामा मिला, जिसमें उसने अपनी अज्ञानता का उल्लेख करते हुए मूर्ति लौटाने की बात लिखी थी। लिखा-पढ़ी के बाद मूर्ति को आश्रम संचालक को सुपुर्द कर दिया गया।
एक सप्ताह पूर्व शृंग्वेरपुर धाम के गऊघाट आश्रम स्थित श्रीराम-जानकी मंदिर का ताला तोड़कर अष्टधातु की 100 वर्ष पुरानी राधा-कृष्ण की मूर्ति चोरी हो गई थी। इस मामले में पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में भी लिया था, लेकिन मूर्ति का कोई सुराग नहीं मिला। मंगलवार की सुबह करीब 11.30 बजे हंडिया-कोखराज के सर्विस मार्ग पर आश्रम के सामने किसी ने मूर्ति देखी तो आश्रम के महंत को जानकारी दी।