- उत्तर प्रदेश दिवस के अवसर पर हुई जिला स्तरीय प्रतियोगिता के विजेता सम्मानित
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन व क्षेत्रीय खेल कार्यालय की ओर से हुई तीन दिवसीय जिला प्रतियोगिता का समापन बृहस्पतिवार को क्रास कंट्री दौड़ के साथ हुआ। पुरुष वर्ग से शैलेंद्र कुशवाहा और महिला वर्ग से नीतू ने बाजी मारी। चंद्रशेखर आजाद पार्क के गेट नंबर-तीन से क्रास कंट्री दौड़ का शुभारंभ मुख्य अतिथि अपर जिलाधिकारी नगर मदन कुमार ने हरी झंडी दिखाकर किया।
बारिश के बावजूद क्रास कंट्री दौड़ में कुल 109 धावकों ने हिस्सा लिया, जिसमें पुरुष वर्ग से 82 और महिला वर्ग से 27 धावक शामिल थीं। क्रास कंट्री दौड़ के पुरुष वर्ग में शैलेंद्र कुशवाहा पहले, आनंद शुक्ला दूसरे, रिशू भारती तीसरे, अंकित विश्वकर्मा चौथे, रिशांत पाल पांचवें और अभिषेक रतन छठवें स्थान पर रहे।
महिला वर्ग में नीतू पहले, श्रद्धा दूसरे, रुद्रा ओझा तीसरे, ज्योति यादव चौथे व प्रीति यादव पांचवें स्थान पर रहीं। क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी विमला सिंह ने विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इस मौके पर उपक्रीड़ाधिकारी देवी प्रसाद, कंचन चौरसिया, संजय कुमार, भूपेंद्र नाथ, विनय कुमार, संजय गुप्ता, संजय श्रीवास्तव, फिरोज खान व सत्येंद्र सिंह समेत कई प्रशिक्षक मौजूद रहे। संवाद