प्रयागराज पुलिस ने महादेव एप की तर्ज पर करोड़ों की ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ऑनलाइन गेमिंग का झांसा देकर युवाओं को शिकार बनाया जाता था।
महादेव बेटिंग एप की तर्ज पर ऑनलाइन गेमिंग का झांसा देकर करोड़ों की ठगी के खेल का भंडाफोड़ मंगलवार को हुआ। नैनी में अंतरराज्यीय गिरोह के 12 सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से मोबाइल-लैपटॉप के साथ ही बड़ी संख्या में प्री एक्टिवेटेड सिम बरामद किए गए।
विज्ञापन
यही नहीं, प्रयागराज पुलिस के इनपुट पर ही महाराजगंज व बिहार के गोपालगंज में भी गिरोह से जुड़े 28 लोगों को पकड़ा गया। गिरोह के यूपी हैंडलर व अन्य कुछ लोगों की तलाश जारी है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि नैनी के महेवा पट्टी में कुछ बाहरी लोग संदिग्ध गतिविधियों में जुटे हैं।
इस पर डीसीपी यमुनानगर श्रद्धा नरेंद्र पांडेय के नेतृत्व में नैनी इंस्पेक्टर यशपाल शर्मा व एसओजी यमुनापार प्रभारी रणजीत सिंह ने सोमवार शाम महेवा पट्टी स्थित अपार्टमेंट के एक फ्लैट पर छापामारा। वहां कुल 12 लोग मिले। तलाशी में फ्लैट से पांच लैपटॉप, 42 मोबाइल फोन व 52 प्री एक्टिवेटेड सिम कार्ड मिले।
विज्ञापन
एक रजिस्टर भी मिला, जिसमें करोड़ों के लेनदेन का लेखाजोखा था। थाने लाकर पूछताछ में खुलासा हुआ कि सभी ऑनलाइन गेमिंग का झांसा देकर करोड़ों की ठगी करने वाले गिरोह के सदस्य हैं। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वह महादेव एप की तर्ज पर ठगी करते हैं।
ऑनलाइन गेमिंग के नाम पर पहले वह लोगों को फंसाते हैं और फिर बड़ी धनराशि लगाने पर उनकी रकम हड़प कर जाते हैं। गिरफ्तार सदस्यों में यूपी के अलग-अलग जनपदों के साथ ही छत्तीसगढ़ के भी युवक शामिल हैं।
तीन वेबसाइटों से ठगी, छत्तीसगढ़ में सरगना
पुलिस के मुताबिक इस गिरोह ने ठगी के लिए तीन वेबसाइट बना रखी थीं। इन्हीं पर लोगों को ऑनलाइन गेमिंग का झांसा देकर शिकार बनाया जाता था। प्रारंभिक पड़ताल में इस बात के संकेत मिले हैं कि देश के कई राज्यों में संचालित किया जा रहा यह पूरा खेल छत्तीसगढ़ से ऑपरेट किया जा रहा था। फिलहाल, उसके यूपी हैंडलर की तलाश में टीमें लगी हैं।
सभी आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। पूछताछ में उनसे जो जानकारी मिली, उसके आधार पर महाराजगंज व बिहार के गोपालगंज जनपद की पुलिस को भी इनपुट दिया गया। जहां कुल 28 लोग गिरफ्तार किए गए। गिरोह के कुछ अन्य लोगों के नाम सामने आए हैं जिनकी तलाश में टीमें लगाई गई हैं। -श्रद्धा नरेंद्र पांडेय, डीसीपी यमुनानगर