फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

प्रयागराज माघ मेला : मकर संक्रांति पर लाखों श्रद्धालुओं ने संगम में लगाई पुण्य की डुबकी

Sat, 15 Jan 2022 06:23 AM IST
विनोद सिंह अमर उजाला नेटवर्क, प्रयागराज

सार

सूर्योदय के साथ ही संगम के किनारे बनाए गए सभी दर्जन भर घाट श्रद्धालुओं से पट गए। इस बार मकर संक्रांति की मान्यता दो दिन होने के कारण शुक्रवार को भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने संगम में डुबकी लगाई थी।
विज्ञापन
Prayagraj News : मकर संक्रांति पर लाखों श्रद्धालुओं ने गंगा में लगाई डुबकी। - फोटो : प्रयागराज
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

शनि प्रदोष के दुर्लभ संयोग में भगवान सूर्य उत्तरायण हो गए। इसी के साथ संक्रांति के दूसरे दिन पुण्यकाल में संतों-भक्तों ने त्रिवेणी संगम में स्नान-ध्यान और दीपदान किया। एक तरफ सर्द हवा के झोंके और दूसरी ओर श्रद्धालुओं के डग आस्था के पथ पर बढ़तेे रहे। संगम पर स्नान के साथ ही कामनाओं का अर्घ्य देने की होड़ रही। रेती पर हवन, भजन के बीच अन्न-वस्त्र का दान कर संत-भक्त धन्य हुए। 

विज्ञापन


शुक्रवार की रात 8:49 बजे सूर्य ने मकर राशि में प्रवेश किया। इसके बाद शनिवार की मध्यरात्रि से संगम पर मकर संक्रांति का स्नान आरंभ हो गया। भगवान सूर्य के उत्तरायण होने के बाद मध्यरात्रि से गंगा, यमुना, विलुप्त सरस्वती की धारा में पुण्य की डुबकी लगने लगी। हर हर महादेव और गंगा-यमुना के जयकारे गूंजने लगे। भोर में ही संगम का तट संतों-भक्तों की भीड़ से खचाखच पट गया। हर कोई संगम में डुबकी की आस लिए आगे बढ़ता रहा। एमपी के रीवा निवासी श्याम प्रकाश तिवारी अपनी मां को संगम स्नान कराने के लिए भोर में ही पहुंच गए।

उन्होंने भीड़ के बीच सहारा देकर अपनी मां को डुबकी लगवाई। वह कहते हैं कि मां को स्नान कराने का पुण्य अर्जित कर उन्हें अपार खुशी मिली है। इसी तरह देवरिया के भाटपार से मुकुंद बिहारी मिश्र भी अपने बुजुर्ग माता-पिता को स्नान कराने आए थे। पेशे से शिक्षक मुकुंद के अनुसार वह हर माघ मेले में अवकाश लेकर माता-पिता को स्नान कराने के लिए लेकर आते रहे हैं। उनकी नजर में इससे बढ़ा कोई पुण्य नहीं है। ऐसे हजारों की तादात में लोग अपनों का सहारा बनकर मकर संक्रांति स्नान पर्व का हिस्सा बने। 

विज्ञापन

Prayagraj News : संगम स्नान के बाद पूजन करती महिला श्रद्धालु। - फोटो : प्रयागराज
प्रतिबंधित कर दिया गया था बड़े वाहनों का प्रवेश

माघ मेले के प्रथम स्नान पर्व को देखते हुए वाहनों का प्रवेश दो दिन पहले ही प्रतिबंधित कर दिया गया था। इस वजह से सिविल लाइंस, दारागंज के अलावा कीडगंज से संगम जाने वाले मार्गों पर लोग लंबी दूरी तय कर संगम पहुंचते रहे। कोई नंगे पांव बढ़ा तो कोई लेटते हुए। कोई परिवार के सदस्यों को सहेजता रहा तो कोई अपनी गठरी सुरक्षित करने की फिक्र लिए बढ़ा।

अपर संगम के अलावा लोवर संगम मार्ग पर कड़ाके की सर्दी के बावजूद श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। मेले के हर सेक्टर में कोरोना संक्रमण के प्रति सजगता के संदेश दिए जाते रहे। बावजूद इसके किसी को भी संक्रमण की चिंता नहीं रही। हर कोई सिर्फ संगम में डुबकी लगाने और पुण्य कमाने की चाह लिए आगे बढ़ता रहा। शनि प्रदोष होने की वजह से अरैल के अलावा संगम समेत अन्य घाटों पर काल सर्प दोष से बचने के लिए उपाय भी किए जाते रहे। बच्चों के मुंडन संस्कार भी खूब हुए।   

Prayagraj News : माघ मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की थर्मल स्क्रीनिंग की गई। - फोटो : प्रयागराज
कोविड संक्रमण से संतों-भक्तों को सुरक्षित करने के लिए चला अभियान
कोविड-19 संक्रमण से संतों-भक्तों को सुरक्षित रखने के लिए माघ मेले में लोगों को जागरूक किया जाता रहा। थर्मल स्क्रीनिंग के साथ ही आरटीपीसीआर जांच भी कराई जाती रही। मोबाइल सर्विलांस टीमों के जरिए शिविरों में भी जांच के लिए कर्मी पहुंचते रहे। साथ ही लाउडस्पीकर से लगातार मास्क पहनने और दूरी बनाए रखने के लिए लोगों से अपील की जाती रही।  मास्क का भी वितरण किया जाता रहा।

Prayagraj News : माघ मेले में बड़ी संख्या में फोर्स तैनात रही। - फोटो : प्रयागराज
स्नान घाटों से लेकर मेला मार्गों तक चाक-चौबंद सुरक्षा 
माघ मेले में के 16 प्रवेश द्वारों से से लेकर स्नान घाटों तक सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे। गहरे पानी में जाने से लोगों को बचाने के लिए एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और जल पुलिस के जवान मोटरबोट से लगातार गश्त करते रहे। जबकि, मेले में संतों-भक्तों की सुरक्षा में एटीएस, बीडीएस, एसटीएफ के जवान भी तैनात रहे।

Prayagraj News : बड़ी संख्या में संतों ने मकर संक्रांति पर संगम में डुबकी लगाई। - फोटो : प्रयागराज
संतों ने मकर संक्रांति के पुण्यकाल में संगम में लगाया गोता
मकर संक्रांति के दूसरे दिन संतों ने त्रिवेणी संगम में पुण्य की डुबकी लगाकर भगवान भास्कर को अर्घ्य दिया। अखाड़ों के महामंडलेश्वरों, पीठाधीश्वरों और साधकों ने संगम में स्नान कर दीपदान किया। शनिवार को मकर संक्रांति पर अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के महामंत्री महंत हरि गिरि ने संगम में डुबकी लगाई। इनके अलावा महंत नारायण गिरि, हरि चैतन्य ब्रह्मचारी ने भी पुण्य की डुबकी लगाई।

अखिल भारतीय दंडी संन्यासी परिषद के अध्यक्ष स्वामी ब्रह्माश्रम ने ओल्डजीटी घाट पर गंगा में गोता लगाया। इसी तरह लवकुश आश्रम अयोध्या के पीठाधीश्वर रामकेवल दास,डॉ राधाचार्या, मौनी बाबा, पुरी के शंकराचार्य निश्चलानंद के शिष्य प्रफुल्ल चैतन्य ब्रह्मचारी, शंकराचार्य स्वरूपानंद सरस्वती के शिष्य मनकामेश्वर महादेव मंदिर के व्यवस्थापक श्रीधरानंद ब्रह्मचारी समेत कई संतों ने संगम में डुबकी लगाई।

Prayagraj News : मकर संक्रांति पर लाखों श्रद्धालुओं ने गंगा में लगाई डुबकी। - फोटो : प्रयागराज
कोरोना संक्रमण के खतरे के बीच चार लाख श्रद्धालुओं के संगम स्नान का दावा
प्रयागराज। तेजी से फैलते कोरोना संक्रमण के बीच शनिवार को मकर संक्रांति के दूसरे दिन मेला प्रशासन ने चार लाख श्रद्धालुओं के संगम में डुबकी लगाने का दावा किया। संगम के अलावा अरैल, रामघाट, दशाश्वमेध घाट, अक्षयवट घाट, मोरी घाट, काली घाट और हरिश्चंद्र घाटों पर भीड़ इस कदर उमड़ी कि तिल रखने की जगह नहीं रही। मेलाधिकारी शेषमणि पांडेय ने मकर संक्रांति पर अक्षयवट की सविधि पूजा की। मंडलायुक्त संजय गोयल और डीएम संजय खत्री ने भी माघ मेले में पूजा, आरती की।

Prayagraj News : मकर संक्रांति पर लाखों श्रद्धालुओं ने गंगा में लगाई डुबकी। - फोटो : प्रयागराज
पौष पूर्णिमा पर भारी वाहनों के प्रवेश पर पाबंदी
17 जनवरी को पौष पूर्णिमा स्नान पर्व पर शहर में बड़े वाहनों की प्रवेश पर पाबंदी रहेगी। भारी व्यवसायिक वाहनों को 16 जनवरी की रात एक बजे से 18 जनवरी तक प्रवेश नहीं मिलेगा। एसपी ट्रैफिक के मुताबिक बमरौली पुलिस चौकी, सहसों चौराहा, हबूसा मोड़, सोरांव बाईपास, नवाबगंज बाईपास, फाफामऊ, टीपी नगर तिराहा, रामपुर चौराहा और घूरपुर थाने के पास से डायवर्जन लागू किया गया है।

रीवा मार्ग से प्रयागराज आने वाले व्यावसायिक वाहनों को घूरपुर, मिर्जापुर मार्ग से प्रयागराज जाने वाली गाड़ियों को रामपुर तिराहा, वाराणसी से प्रयागराज आने वाली गाड़ियों को हबूसा तिराहे से रोका जाएगा। जौनपुर से प्रयागराज जाने वाली गाड़ियों को सोरांव बाईपास पर रोक दिया जाएगा। प्रतापगढ़ मार्ग से आने वाले व्यावसायिक वाहनों को नवाबगंज बाईपास पर और लखनऊ से आने वाले वाहनों को नवाबगंज बाईपास पर रोका जाएगा। 

Prayagraj News : मकर संक्रांति पर लाखों श्रद्धालुओं ने गंगा में लगाई डुबकी। - फोटो : प्रयागराज
मकर संक्रांति पर लाखों श्रद्धालुओं ने गंगा में लगाई डुबकी। 

Prayagraj News : संगम में डुबकी लगाने के बाद भगवान सूर्य का पूजन किया गया। - फोटो : प्रयागराज
संगम में डुबकी लगाने के बाद भगवान सूर्य का पूजन किया गया। 

Prayagraj News : संगम तट पर सेल्फी लेती युवतियां। - फोटो : प्रयागराज
मकर संक्रांति पर संगम तट पर श्रद्धालुओं का रेला उमड़ पड़ा। स्नान के बाद सेल्फी भी लिया गया। 
विज्ञापन

Prayagraj News : मकर संक्रांति पर लाखों श्रद्धालुओं ने गंगा में लगाई डुबकी। - फोटो : प्रयागराज
मकर संक्रांति पर लाखों श्रद्धालुओं ने गंगा में लगाई डुबकी। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें