फर्जी आईडी से किश्तों पर टीवी-फ्रिज लेने वाला गिरफ्तार
-दोस्त के साथ मिलकर कई दुकानदारों को लगाया लाखों का चूना
प्रयागराज। शाहगंज पुलिस ने शनिवार को कोठापार्चा के संजीत उर्फ संजीव उर्फ पोलर केसरवानी को गिरफ्तार कर लिया। संजीत ने अपने दोस्त विनायक के साथ मिलकर शहर के कई दुकानदारों को लाखों का चूना लगाया था। दोनों फर्जी आईडी लगाकर किश्तों पर टीवी फ्रिज आदि चीजें लेकर गायब हो जाते थे।
कोठापार्चा के संजीत और मुट्ठीगंज के विनायक जायसवाल ने 2015 से फर्जी आईडी बनाकर शहर के दुकानदारों से किश्तों पर टीवी-फ्रिज समेत अन्य सामान लेना शुरू किया। डाउन पेमेंट करने के बाद दोनों दुकान से सामान उठा लेते थे और तुरंत ही दो तीन हजार सस्ते में लोगों को बेच देते। फर्जी आईडी की वजह से वे पकड़े नहीं जाते थे। 2015 में ही उन्होंने शाहगंज के हम्माम गली के दुकानदार रईस खान की दुकान से एलईडी टीवी और फ्रिज लिया था। उन्होंने आईडी तो फर्जी लगाई लेकिन मोबाइल नंबर सही दे दिया। जब उन्होंने किश्तें जमा नहीं की तो रईस ने फोन किया तो उसे जान से मारने की धमकी दी गई। रईस ने दोनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। शाहगंज पुलिस ने दो दिन पहले विनायक जायसवाल को पकड़ लिया था। शनिवार को संजीत उर्फ संजीव उर्फ पोलर केसरवानी को भी पकड़ लिया गया। उसने स्वीकार किया कि शहर के कई दुकानदारों को उन्होंने लाखों का चूना लगाया। संवाद