शहर में दशहरे पर चोरों ने दो घरों के ताले तोड़कर लाखों के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। दोनों मामलों में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। दरभंगा कालोनी के रहने वाले सजल कुमार सेन रेलवे के रिटायर्ड कर्मचारी हैं। उनके भाई का घर दुर्गा पूजा पांडाल के एकदम बगल में है।
वह पिछले दो दिनों से घर में ताला लगाकर परिवार समेत भाई के घर गए थे। शनिवार को जब वह वापस लौटे तो देखा घर का ताला टूटा हुआ है। चोरों ने करीब नौ लाख के जेवर, एक लाख नकद, टीवी समेत तमाम छोटे बड़े सामान चुरा लिए थे। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।
हाईकोर्ट में अधिवक्ता गजेंद्र सिंह परिवार के साथ टीपी नगर में रहते हैं। 14 अक्तूबर की रात चोरों ने छत का ताला तोड़कर बेडरूम से एक लाख रुपये, पर्स तथा अन्य सामान उड़ा दिया। गजेंद्र ने पुलिस को तहरीर दी कि 14 अक्टूबर की शाम वह कुछ घंटों के लिए बाहर गए थे। उनका एक रिश्तेदार चैंबर में बैठकर किताब पढ़ रहा था।
उनको शक है कि इसी दौरान चोरी हुई क्योंकि रात में दस बजे के बाद वह वापस आ गए थे। गजेंद्र ने बताया कि माता पिता गांव गए हैं। उनके कमरे में भी चोरी हुई है। उनके आने के बाद पता चलेगा कि क्या क्या चोरी हुआ है? पुलिस के मुताबिक रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। एक अन्य घटना में धूमनगंज के ही सुलेम सराय में वकील संजय के घर का ताला तोड़कर चोर सिलेंडर, साइकिल और 10 हजार रुपये उठा ले गए।