मंगलवार देर रात अपने दो साथियों के साथ किसी घटना को अंजाम देने जा रहे लूट व डकैती गैंग के सरगना व पुलिस टीम के बीच मुठभेड़ हो गई। इसमें सरगना के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया जबकि उसके साथी अंधेरे का फायदा उठाते हुए वहां से भाग निकले। मुठभेड़ घूरपुर थाना क्षेत्र के गौहनिया ओवरब्रिज के पास हुई। पुलिस ने सरगना को गिरफ्तार करते हुए उसके पास से चोरी की एक स्कूटी, तमंचा व कारतूस बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार घूरपुर थाना प्रभारी राजेश उपाध्याय हमराहियों के साथ गौहनिया पेट्रोल पंप के पास हाईवे पर मंगलवार देर रात वाहन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान एक स्कूटी पर तीन युवक सवार होकर आते दिखे। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो वह बैरिकेटिंग तोड़ते हुए वहां से भागने लगे। पुलिस टीम ने उनका पीछा करते हुए ओवरब्रिज के पार घेर लिया तो उन्होंने टीम पर फायर कर दिया। बदमाशों की फायरिंग से बचते हुए पुलिस टीम ने जबावी फायरिंग की तो एक बदमाश के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। जबकि अंधेरे का फायदा उठाते हुए उसके साथी वहां से भाग निकले।
पुलिस के अनुसार पकड़ा गया बदमाश सोनू डांडी पुत्र मो. नईम डांडी निवासी भंडरा थाना नैनी का है और वह अपने साथियों के साथ किसी घटना को अंजाम देने के लिए जा रहा था। थाना प्रभारी ने बताया कि पकड़े गए बदमाश के खिलाफ घूरपुर थाने में गैंगेस्टर की कार्रवाई की जा चुकी है। साथ ही उसके खिलाफ अन्य थानों में भी लूट सहित कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। बताया कि पकड़ा गया बदमाश लूट की वारदातों में शामिल था। उसके पास से एक तमंचा, दो जिंदा कारतूस, एक कारतूस का खोखा व चोरी की स्कूटी बरामद की गई है।
फोटो है। 25 एनएएनपी 1