कोहरे ने रोकी विमानों की राह, ट्रेनें भी हुईं लेट
रायपुर, इंदौर, पुणे और बंगलुरु उड़ान रही निरस्त, 11 बजे के बाद पहुंची प्रयागराज एक्सप्रेस
अमर उजाला ब्यूरो
प्रयागराज। कोहरे की वजह से बुधवार को भी प्रयागराज एयरपोर्ट आने एवं यहां से जाने वाले विमानों का संचालन अस्त व्यस्त रहा। सुबह खराब दृश्यता की वजह से चार फ्लाइटें निरस्त रहीं। कुछ फ्लाइटें विलंब से रवाना हुईं। यही हाल ट्रेनों का रहा। लगातार दूसरे दिन प्रयागराज जंक्शन आने वाली तमाम ट्रेनें घंटों देरी से पहुंची। इस दौरान प्रयागराज एक्सप्रेस भी सुबह 11 बजे के बाद ही जंक्शन पहुंच सकी। ट्रेनों के विलंब से आने की वजह से यात्रियों को खासी परेशानी हुई।
प्रयागराज एक्सप्रेस के अलावा हमसफर एक्सप्रेस भी पौने चार घंटे की देरी से जंक्शन पहुंची। इसके अलावा रीवा एक्सप्रेस चार घंटे, पुरुषोत्तम एक्सप्रेस 5.20 घंटे, स्वतंत्रता सेनानी 8 घंटे, शिवगंगा एक्सप्रेस 2 घंटे, जयपुर-प्रयागराज 1.15 घंटे, संगम एक्सप्रेस 1.20 घंटे, अलीपुरद्वार-दिल्ली महानंदा एक्सप्रेस 10 घंटे तक विलंबित रही। वहीं दूसरी ओर प्रयागराज एयरपोर्ट आने वाली प्रयागराज-रायपुर, प्रयागराज-इंदौर, प्रयागराज- पुणे, प्रयागराज-बंगलुरु फ्लाइट दोनों ओर से निरस्त रही। इसके अलावा प्रयागराज-गोरखपुर 12 बजे के बजाय 12.40 बजे, प्रयागराज-भोपाल 2.50 की जगह 3.10 बजे एवं प्रयागराज-भुवनेश्वर 10.50 की जगह 11.30 बजे यहां से रवाना हुई। इस दौरान दिन भर में यहां 12 विमानों की आवाजाही हुई। इससे आने वाले यात्रियों की संख्या 393 रही, जबकि जाने वाले यात्रियों की संख्या 401 रही।