ससुर ने उत्तराखंड ले जाकर बेच डाला
नवाबगंज का मामला, पीड़िता ने थाने में दी तहरीर, पुलिस जांच में जुटी
संवाद न्यूज एजेंसी
नवाबगंज। थाना क्षेत्र के एक गांव में रहने वाली 38 वर्षीय महिला को बेचे जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता का कहना है कि उसका ससुर धोखे से उसे उत्तराखंड ले गया और फिर वहां बेच दिया। जहां करीब 20 साल तक उसे बंधक बनाए रखा गया। चार मार्च को किसी तरह मौका पाकर वह वहां से भागकर थरवई में अपनी नानी के घर पहुंची। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिली है, जांच की जा रही है।
महिला की शादी 2001 में हुई थी। शादी के कुछ दिनों बाद ही उसे दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाने लगा। फिर एक दिन ससुर उसे धोखे से उत्तराखंड ले गया और नशीला पदार्थ खिलाकर उत्तराखंड में उधमसिंह नगर जिला स्थित मंकदपुर में रहने वाले व्यक्ति के हाथ बेच दिया। वहां 20 साल तक उसे बंधक बनाकर रखा गया। पिछले दिनों मौका पाकर वह वहां से भाग निकली और फिर चार मार्च को ननिहाल में पहुंचकर जानकारी दी। इस दौरान पता चला कि उसके संदिग्ध हाल में गायब होने पर जब मायकेवालों ने ससुर से पूछा तो उसने कहा था कि वह किसी के साथ भाग गई। यही नहीं पति ने दूसरी शादी भी कर ली। इसके बाद पीड़िता ने थाने में पहुंचकर तहरीर दी। नवाबगंज एसओ राकेश कुमार राय का कहना है कि तहरीर मिली है। लेकिन मामला 20 साल पुराना है। फिलहाल जांच पड़ताल की जा रही है।