चाइनीज मंझे की चपेट में आने से शिक्षिका जख्मी
कीडगंज में बोट क्लब के पास घटना, राके के बावजूद धड़ल्ले से हो रहा इस्तेमाल
प्रयागराज। चाइनीज मंझे से लगातार हादसे हो रहे हैं लेकिन पुलिस प्रशासन इसकी बिक्री पर रोक नहीं लगा पा रही है। सोमवार को एक ऐसी ही घटना में स्कूटी सवार शिक्षिका निशा पांडेय लहूलुहान हो गईं। उनके गले में गहरा जख्म हो गया। गनीमत रही कि उनकी जान बच गई।
घटना यमुना बैंक रोड पर बोट क्लब के पास हुई। अलोपीबाग निवासी निशा पांडेय थरवई स्थित स्वामी विवेकानंद हायर सेकेंडरी स्कूल में शारीरिक शिक्षा विभाग की शिक्षिका हैं। वह रविवार को स्कूटी से बोट क्लब होते हुए कल्याणी देवी इलाके में परिचित के घर जा रही थीं। साथ में बेटी कंजिका भी थी। बोट क्लब के पास अचानक मंझा उनकी गर्दन में फंस गया और इससे उनके गले में गहरा जख्म हो गया। जिससे वह लहूलुहान हो गईं। बेटी किसी तरह उन्हें अस्पताल ले गई जहां उनके गले में 12 टांके लगे। परिजनों ने चाइनीज मंझे का इस्तेमाल करने वालों पर कार्रवाई की मांग की है। गौरतलब है कि दो दिन पहले आनंद भवन के पास एलनगंज निवासी फास्ट फूड विक्रेता मुकेश सैनी चाइनीज मंझे की चपेट में आने से जख्मी हो गया था। इस मामले में कीडगंज एसओ मनोज यादव का कहना है कि कोई शिकायत नहीं मिली है।