prayagraj news : Corona News prayagraj
- फोटो : prayagraj
कोरोना संक्रमण के नए मरीजों की संख्या में उतार-चढ़ाव बना हुआ है। शुक्रवार को 172 नए पॉजिटिव मरीजों के साथ संक्रमितों का आंकड़ा 23 हजार के पार हो गया। उपचार के दौरान तीन लोगों की मौत के साथ 309 कोरोना संक्रमितों की जान जा चुकी है। हालांकि कोरोना को मात देने वालों की संख्या में इजाफा राहत देने वाला है। 24 घंटे में 167 लोगों ने कोरोना को मात दी।
सीएमओ मेजर डॉ. जीएस बाजपेयी के मुताबिक कोविड जांच का दायरा बढ़ाने और कांट्रैक्ट ट्रेसिंग में तेजी से संक्रमण कम हुआ है। स्वास्थ्य अधिकारी लोगों को कोरोना से बचाव की सलाह दे रहे हैं। शुक्रवार को विभिन्न कोविड अस्पतालों से 32 लोगों को संक्रमण मुक्त होने के बाद डिस्चार्ज किया गया। 135 मरीजों ने होम आइसोलेशन पूरा किया। जिले में अब तक जहां 23088 लोग संक्रमित हुए हैं वहीं 5432 लोग अस्पतालों में भर्ती होकर संक्रमण मुक्त हो चुके हैं। साथ ही 15887 लोगों ने होम आइसोलेशन में कोरोना को मात दी है। उन्होंने बताया कि जिले में शुक्रवार को 1460 एक्टिव कोविड संक्रमित रहे।
संक्रमितों में वकील, बैंक मैनेजर, एक्साइज इंस्पेक्टर शामिल
नोडल अधिकारी कोरोना डॉ. ऋषि सहाय ने बताया कि शुक्रवार को नए कोरोना संक्रमितों में तीन वकीलों के साथ दो बैंकों के मैनेजर और एक एक्साइज इंस्पेक्टर शामिल हैं। उन्होंने बताया कि हाईकोर्ट के सीआरओ, एनटीपीसी के मैनेजर, सीएमओ कार्यालय में तैनात लिपिक, न्यायिक अधिकारी के सचिव भी कोविड पॉजिटिव हुए हैं। कोरोना संक्रमण से एक डिग्री कॉलेज के शिक्षक, लाइब्रेरियन, एसबीआई के शाखा प्रबंधक, पीएनबी के चीफ मैनेजर, केनरा बैंक के सहायक प्रबंधक पीड़ित हुए हैं।
नई ओटी में होगा कोरोना संक्रमित महिलाओं का प्रसव
एसआरएन अस्पताल परिसर स्थित सुपर स्पेशियलिटी ब्लाक के कोविड अस्पताल में नई ओटी चालू कर
दी गई है। इस नए कोविड ब्लाक की नई ओटी में ही अब कोरोना संक्रमित महिलाओं का प्रसव कराया जाएगा। एमएलएन मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. एसपी सिंह के मुताबिक आधुनिक ओटी आधुनिक संसाधनों से युक्त है। स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग की अध्यक्ष डॉ. अमृता चौरसिया ने बताया कि शनिवार को ओटी का शुभारंभ पूजन अर्चन के साथ होगा। अभी तक कोरोना संक्रमित महिलाओं का प्रसव अस्पताल के पुराने भवन स्थित ओटी में कराया जाता था। अब सामान्य और सिजेरियन प्रसव नई माड्यूलर ओटी में कराए जाएंगे।