कोरोना संक्रमण से होम आइसोलेशन पूरा करने वालों का आंकड़ा शुक्रवार को छह हजार पार कर गया। अकेले इसी दिन 258 लोगों का होम आइसोलेशन पूरा हुआ जबकि 36 लोगों को अस्पतालों से छुट्टी दी गई। इसके साथ ही 24 घंटों में कोरोना के 353 नए संक्रमित मिले जबकि चार लोगों की मौत हो गई। सीएमओ मेजर डॉ. जीएस बाजपेई ने इसकी पुष्टि की।
सीएमओ ने बताया कि शुक्रवार को जिले में कोविड पॉजिटिव की कुल संख्या 13636 पर पहुंच गई। इसमें अब तक 6116 लोगों का होम आइसोलेशन पूरा हो चुका है और 3632 लोगों को अस्पतालों से छुट्टी दी जा चुकी है। फिलहाल 3321 संक्रमित होम आइसोलेट हैं। इससे रिकवरी रेट 72 फीसदी के करीब बना हुआ है।
शुक्रवार को कालिंदीपुरम से आठ, रेलवे से तीन, यूनानी से दो, बेली से 11, निजी हॉस्पिटल से दो, एसआरएन से 10 मरीजों को छुट्टी दी गई। इसके अलावा 2425 संदिग्ध लोगों का स्वाब सैंपल लिया गया है और 1950 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। इसके साथ ही रेलवे में 45, कालिंदीपुरम में 61, यूनानी में नौ, दो निजी कोविड हॉस्पिटल में 77, बेली में 31 और एसआरएन चिकित्सालय में 145 संक्रमित भर्ती हैं।