कोरोना के नए संक्रमितों की संख्या में एक दिन पहले रविवार के मुकाबले सोमवार को 22 अधिक रही। सोमवार को 260 नए मरीज मिलने के साथ तीन लोगों की मौत हो गई। इसके साथ ही संक्रमण के मामले में प्रयागराज यूपी के तीसरे स्थान पर पहुंच गया है। लखनऊ पहले और कानपुर नगर दूसरे स्थान पर है।
कोरोना के नोडल अधिकारी डॉ. ऋषि सहाय ने बताया कि सोमवार को कोरोना के 260 नए मरीज मिले। रिपोर्ट निगेटिव आने पर 59 लोगों को डिस्चार्ज किया गया और 156 लोगों का होम आइसोलेशन पूरा हो गया। उधर, सीएमओ के मुताबिक जिले में कोरोना से अब तक कुल 7477 लोग संक्रमित हो चुके हैं। 3005 लोगों को अस्पतालों से छुट्टी दी जा चुकी है, जबकि 2496 लोगों का होम आइसोलेशन पूरा हो चुका है।
prayagraj news
- फोटो : prayagraj
सोमवार को एक्टिव केसों की संख्या 1853 हो गई। कोटवां-बनी से 15, कालिंदीपुरम से 11, रेलवे चिकित्सालय से दो, यूनानी से छह, बेली से 12, निजी अस्पताल से तीन और स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय से 10 लोगों को डिस्चार्ज किया गया। इसके साथ ही 2367 लोगों का स्वाब सैंपल लिया गया है और 1136 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। वहीं कोटवां-बनी में 35, रेलवे अस्पताल में 45, कालिंदीपुरम में 65, यूनानी मेडिकल कॉलेज में 34, दोनों निजी अस्पतालों में 49, बेली में 88, एसआरएन चिकित्सालय में 150 संक्रमितों का उपचार चल रहा है।
prayagraj news
- फोटो : prayagraj
कल से 10 मोबाइल टीमें घूमकर करेंगी एंटीजन टेस्ट
कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग 26 अगस्त से 10 मोबाइल वैन के जरिए कोरोना टेस्ट कराएगा। इसके लिए माइक्रोप्लान तैयार किया गया है। यह अभियान ज्यादा संक्रमित वाले इलाकों में चलेगा। इसमें जुकाम, बुखार और खांसी के मरीजों की कोरोना का टेस्ट किया जाएगा।
मोबाइल वैन अभियान के प्रभारी एसीएमओ डॉ. सत्येंद्र राय ने बताया कि 26 अगस्त को दारागंज, गल्लाबाजार, बाघंबरी, अलोपीबाग, अल्लापुर, बड़ा बघाड़ा, छोटा बघाड़ा, चांदपुर सलोरी, जार्जटाउन, गोविंदपुर, तेलियरगंज आदि इलाकों में मोबाइल टीमें एंटीजन टेस्ट करेंगी। लोग मोबाइल टीमों के पास पहुंचकर कोरोना की जांच करा सकते हैं। जांच के दौरान उन्हें अपने साथ आधार कार्ड की फोटोकापी लाना अनिवार्य होगा।
कोरोना वायरस (प्रतीकात्मक तस्वीर)
- फोटो : PTi
एसीएम चतुर्थ, दो अधिवक्ता, एसआरएन नर्स संक्रमित
कोरोना से सोमवार को एसआरएन की स्टाफ नर्स, इलाहाबाद हाईकोर्ट के दो अधिवक्ता, दो समीक्षा अधिकारी, एसीएम चतुर्थ सहित कई और बैंक कर्मी, स्वास्थ्य कर्मी संक्रमित पाए गए हैं। कोरोना के नोडल अधिकारी डॉ. ऋषि सहाय ने इसकी पुष्टि की। उन्होंने बताया कि एसीएम चुतर्थ का एक आफिस स्टाफ, रेलवे के दो कर्मचारी, मुंगरा बादशाहपुर इंटर कॉलेज के शिक्षक, बैंक ऑफ इंडिया का कर्मचारी, इफको हॉस्पिटल का कर्मचारी, बेली अस्पताल का वार्ड ब्वॉय, फार्मा कंपनी का मैनेजर, पुलिस लाइन का सिपाही, कानपुर पुलिस लाइन का सिपाही, कुंडा के सब रजिस्ट्रार, निजी फार्मा कंपनी के मैनेजर, ईएसआई सिविल लाइंस का फार्मासिस्ट, राना ज्वैलर्स का कर्मचारी, कार एजेंसी का सेल्स मैनेजर, फार्मा कंपनी का एमआर, सीएचसी कौंधियारा का कर्मचारी, सीएमपी डिग्री कॉलेज का चपरासी, सीएचसी चाका का कर्मचारी, एनटीपीसी मेजा का इंजीनियर, एमएनआईटी का एक कर्मी आदि शामिल हैं।
सांकेतिक तस्वीर
- फोटो : pixabay
कोरोना से हंडिया, नैनी और करेली के एक व्यक्ति की मौत
कोरोना से सोमवार को हंडिया, नैनी और करेली के तीन व्यक्तियों की मौत हो गई। तीनों को बीपी, शुगर की समस्या थी। करेली के रहने वाले व्यक्ति को गुर्दें में भी समस्या थी। तीनों की मौत के बाद प्रशासन ने शवों का फाफामऊ में अंतिम संस्कार करा दिया। एसआरएन के कोरोना के नोडल इंचार्ज डॉ. सुजीत कुमार ने बताया कि हंडिया निवासी 55 वर्षीय व्यक्ति 17 अगस्त को अस्पताल में भर्ती हुआ था।
उसे शुगर की समस्या थी। ऑक्सीजन पर रखा गया, लेकिन रविवार रात ढाई बजे मौत हो गई। दूसरी मौत नैनी के 67 वर्षीय व्यक्ति की हुई। बुजुर्ग को बीपी और शुगर की बीमारी थी। वह 20 अगस्त को एसआरएन में भर्ती हुए थे। सांस लेने में तकलीफ होने से उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया लेकिन सोमवार की सुबह चार बजे उपचार के दौरान उनकी सांसें थम गईं। इसी प्रकार करेली के 40 वर्षीय व्यक्ति को बीपी और गुर्दे में समस्या थी। वह 22 अगस्त को भर्ती हुआ। सांस लेने में तकलीफ होने के बाद ऑक्सीजन और वेंटिलेटर पर रखा गया, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका।
कौशाम्बी के एक व्यक्ति की मौत
प्रयागराज। कोरोना से सोमवार को कौशाम्बी के 57 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। वह 15 अगस्त को भर्ती हुआ था। उसे बीपी और गुर्दे में समस्या थी। हालत गंभीर होने पर उसे वेंटिलेटर पर रखा गया, लेकिन सोमवार दोपहर उसने दम तोड़ दिया।
prayagraj news: Kalindipuram quarantine centere
- फोटो : prayagraj
डीएम ने कालिंदीपुरम एल-1 हॉस्पिटल का निरीक्षण किया
डीएम भानुचंद्र गोस्वामी ने सोमवार को कालिंदीपुरम में संचालित एल-1 हॉस्पिटल का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां भर्ती मरीजों के बारे में जानकारी ली और पूछताछ की। इसके साथ ही कई आवश्यक निर्देश भी दिए। डीएम ने भर्ती मरीजों के खान-पान सहित अन्य व्यवस्थाओं को बनाए रखने का निर्देश दिया। कहा कि भर्ती मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने हॉस्पिटल में नियमित साफ-सफाई बनाए रखने को कहा। साथ ही अग्निशमनयंत्र की व्यवस्था बनाए रखने का निर्देश दिया। उन्होंने अस्पताल के चिकित्साधिकारियों के साथ बैठक भी की। सीएमओ से कहा कि मरीजों के लिए व्यवस्था में कमी नहीं होनी चाहिए। सोमवार को यहां कुल 61 मरीज भर्ती हैं। इस मौके पर सीएमओ मेजर डॉ0 जीएस बाजपेई, डॉ0 राहुल सिंह सहित अन्य चिकित्सक मौजूद रहे।