विधानसभा चुनाव की अधिसूचना जारी होने के बाद टिकट के लिए सबसे ज्यादा मारामारी भाजपा में ही मची हुई है। 14 जनवरी को पहले चरण के मतदान की अधिसूचना जारी लागू होेने के पूर्व भाजपा कार्यालय में प्रदेश सह प्रभारी सुनील भाई ओझा पहुंचे। इस दौरान प्रयागराज महानगर की विधानसभा सीटों पर उम्मीदवारी पर दावा ठोंकने के लिए पार्टी के तमाम नेता अपने समर्थकों के साथ भाजपा कार्यालय पहुंचे। यहां सभी ने प्रदेश सह प्रभारी को अपनी उपलब्धियां बताने के साथ बायोडाटा भी सौंपा।
प्रदेश सह प्रभारी ने बायोडाटा देने वाले सभी संभावित उम्मीदवारों से अकेले में पांच से दस मिनट तक मुलाकात भी की। प्रत्याशियों से उन्होंने तमाम सवाल भी पूछे। यहां उनके मुलाकात करने वालों में शहर उत्तरी विधानसभा से भाजपा विधायक हर्षवर्धन बाजपेयी के पिता अशोक बाजपेयी भी रहे। इसके अलावा डा. एलएस ओझा, डा. कीर्तिका अग्रवाल से भी उनकी दस मिनट के लिए अकेले में मुलाकात हुई। उनसे मुलाकात करने वालों में विक्रमजीत भदौरिया, सुबोध सिंह, मृत्युंजय तिवारी, विजय द्विवेदी, शैलेश पांडेय के नाम प्रमुख रूप से शामिल रहे।
सभी ने अपना बायोडाटा प्रदेश सह प्रभारी को सौंपा। इसके अलावा शहर दक्षिण से डा. सुशील सिन्हा, अवधेश चंद्र गुप्ता, संजय गुप्ता, आशीष गुप्ता, किरण जायसवाल आदि ने अपनी दावेदारी पेश की। शहर पश्चिम से राजेश खरे, विनोद सिंह पटेल, देवेंद्र नाथ सिंह तो करछना से दीपक पटेल, पुष्पराज सिंह, नंद लाल पटेल, कोरांव से अनीता सचान, आरती कोल, ज्ञान नारायण आदि रहे। इस दौरान कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह, सांसद केशरी देवी पटेल, विधायक नीलम करवरिया, राजमणि कोल आदि की भी प्रदेश सह प्रभारी से मुलाकात हुई।