जिले के सैदाबाद विकास खंड के संविलियन विद्यालय मलेथुआ में सहायक अध्यापिका कविता कु मारी को खंड शिक्षा अधिकारी बलिराम से मारपीट, अमर्यादित शब्दों का प्रयोग करने समेत अन्य आरोपों में निलंबित कर दिया गया है। वहीं निलंबित शिक्षिका ने एबीएसए बलिराम पर भी बदसलूकी, धमकी देने का आरोप लगाया है। इस मामले में शिक्षिका ने उतरांव थाने में तहरीर दी है।
सैदाबाद विकास खंड के संविलियन विद्यालय मलेथुआ में मंगलवार को खंड शिक्षा अधिकारी बलिराम निरीक्षण करने पहुंचे थे। उनका आरोप है कि इस दौरान विद्यालय में तैनात सहायक अध्यापक कविता कुमारी ने मारपीट की और अमर्यादित शब्दों का प्रयोग किया। वह शिक्षण कार्य में रुचि नहीं लेती हैं। साथ ही उच्चाधिकारियों के आदेशों का पालन नहीं करती हैं।
एबीएसए ने पूरे मामले की जानकारी बीएसए प्रवीण कुमार तिवारी को दी। इस पर बीएसए ने शिक्षिका को निलंबित कर मामले की जांच बीईओ हंडिया ममता सरकार को सौंपी है। निलंबन अवधि में शिक्षिका अपनी उपस्थिति प्राथमिक विद्यालय मवैया में दर्ज कराएंगी। इस मामले में शिक्षिका कविता कुमारी का आरोप है कि एबीएसए छुट्टी के लिए आवेदन करने पर रुपये की मांग करते हैं।
रुपये न देने पर छुट्टी का आवेदन निरस्त कर देते हैं। इस मामले की शिकायत कुछ दिन पहले बीएसए से की थी। इसी बात से खुन्नस खाए खंड शिक्षा अधिकारी मंगलवार को विद्यालय में पहुंचे और कक्षा में घुसकर बदसलूकी की। धमकी दी कि अब देखते हैं, कैसे नौकरी करती हो। इस बात का विरोध करने पर वह अभद्रता करने लगे। शिक्षिका ने इस मामले में उतरांव थाने में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।