कैंट थाना क्षेत्र के नेवादा इलाके में एक शोहदे ने युवती की स्कूटी को रोककर उसे थप्पड़ मार दिया। शोहदे ने युवती को जान से मारने की धमकी भी दी। इंस्पेक्टर के मुताबिक घटना की रिपोर्ट दर्ज कर शोहदे को जेल भेज दिया गया।
सर्कुलर रोड नेवादा की रहने वाली युवती दो सितंबर को स्कूटी से हास्पिटल गई थी। वापस लौटते समय शाम को नेवादा इलाके में आकाश सोनकर ने उसकी स्कूटी रोक ली। आकाश ने उससे मोबाइल नंबर मांगा। युवती मना करते हुए स्कूटी लेकर वहां से जाने लगी तो आकाश ने उसे थप्पड़ मार दिया। कहा कि उसे उठा ले जाएंगे। डर के मारे युवती घर पहुंची और रोने लगी। काफी देर बाद उसने घर वालों को बताया। अगले दिन थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। इंस्पेक्टर कैंट ने बताया कि आकाश को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
आरोपी ने युवती के कपड़े फाड़े, की मारपीट
म्योर रोड राजापुर में छह सितंबर को अरशद अली ने एक युवती के घर में घुसकर उसके साथ मारपीट और कपड़े फाड़ दिए। पड़ोसियों के आने पर आरोपी भाग निकला। उसी दिन युवती का मां बाजार गई थी। आरोप है कि आरोपी ने बाजार में युवती की मां का दुपट्टा छीन लिया। धमकी दी कि उसके खिलाफ दर्ज मुकदमा वापस कर ले नहीं तो जान से मार दिया जाएगा। कैंट थाने में अरशद के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। युवती की मां ने अरशद के खिलाफ पहले ही एक मुकदमा दर्ज करा रखा है।