शहर में स्मार्ट मीटर लगाने वाली निजी कंपनी के साफ्टवेयर में आई गड़बड़ी से सात विद्युत उपखंडों के पांच हजार से अधिक उपभोक्ताओं के घर बुधवार शाम से बिजली गुल हो गई। परेशान लोग परेशान होकर घूमते रहे, लेकिन रात आठ बजे के बाद उन्हें बिजली खराबी के बारे में जानकारी दी गई। लखनऊ में आई खराबी से प्रभावित कुछ उपभोक्ताओं के यहां देर रात तक चरणबद्ध तरीके से बिजली आपूर्ति बहाल की जाती रही। इस दौरान लोग घंटों बिना बिजली के परेशान रहे।
पॉवर कारपोरेशन के नैनी, रामबाग, करेलाबाग, कल्याणी देवी, मेयो हाल, बम्हरौली, टैगोर टाउन विद्युत उपखंडों में बिजली के स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं। इन खंडों के उपकेंद्रों से जुड़े सिविल लाइंस, अशोक नगर, रसूलाबाद, शिवकुटी, तेलियरगंज, मम्फोर्डगंज, कीडगंज, मुट्ठीगंज, कोठापारचा, अतरसुइया, खुशहाल पर्वत, मीरापुर, करेलाबाग समेत दर्जनों मोहल्लों में रहने वाले हजारों उपभोक्ताओं के यहां अचानक शाम को बिजली गुल हो गई। प्रभावित उपभोक्ताओं की संख्या अनुमानत: पांच हजार से अधिक बताई जा रही है, जबकि बिजली अफसरों के अलग-अलग तर्क हैं, उनके हिसाब से प्रत्येक खंड में दो से चार सौ लोग प्रभावित हुए हैं।
Smart Energy Meter
- फोटो : AmarUjala
पड़ोस में बिजली आती देख कुछ ने मिस्त्री बुलाए तो कुछ ने उपकेंद्रों पर इंजीनियरों से संपर्क किया। कहीं बताया गया कि बिल नहीं जमा है तो कहीं तकनीकी खामी बताई गई। अफसरों के फोन पर उपभोक्ता काल करने लगे तो लखनऊ से संपर्क किया गया। चीफ इंजीनियर ओपी यादव के मुताबिक साफ्टवेयर में गड़बड़ी आई है, उसे कंपनी दुरुस्त करा रही हैं। वहीं अधीक्षण अभियंता राकेश पांडेय के मुताबिक प्रभावित लोगों के बिजली चरणबद्ध तरीके से बहाल की जा रही है।
खुसरोबाग उपकेंद्र से जुड़े पांच मोहल्लों में रहने वालों को तीन दिन बाद मिली बिजली
खुसरोबाग विद्युत उपकेंद्र में लगे दस एमवीए का रविवार को जला बड़ा ट्रांसफार्मर बुधवार दोपहर बदला जा सका। इस दौरान पुराने शहर के रानी मंडी, अटाला, रोशनबाग, काटजू रोड, खुल्दाबद समेत छह फीडरों से जुड़े हजारों उपभोक्ता बिजली-पानी के लिए परेशान रहे। अधिसाशी अभियंता एलपी चक्रवेदी के मुताबिक एक ट्रांसफार्मर से दो-दो घंटे के रोस्टर पर प्रभावित मोहल्लों में विद्युत आपूर्ति की गई। बुधवार दोपहर नया ट्रांसफार्मर लगाकर टेस्टिंग के बाद विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी गई है।
smart meter
मम्फोर्डगंज एचआईजी कॉलोनी में बिन बिजली तड़पे लोग
पॉश इलाके मम्फोर्डंगंज एचआईजी कॉलोनी में लगा ट्रांसफार्मर खराब हो जाने से मंगलवार से बुधवार शाम तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। न्यूज रिपोर्टर्स क्लब के अध्यक्ष अशोक चतुर्वेंदी के मुताबिक रात में दो बजे अचानक लो वोल्टेज की समस्या आई। उन्होंने इस बारे में जिलाधिकारी से वार्ता कर खराब ट्रांसफार्मर जनहित में बदलवाने का अनुरोध किया। उधर पार्षद रतन दीक्षित, सिविल डिफेंस के स्टाफ अफसर रवि शंकर द्विवेदी ने उपकेंद्र पर इस संबंध में शिकयत की गई। डीएम के निर्देश पर बुधवार को बारिश के दौरान खराब ट्रांसफार्मर बदलकर विद्युत आपूर्ति बहाल की गई।
नैनी क्षेत्र में बिजली चोरी पर 15 पर एफआईआर
नैनी विद्युत उप खंड के अंतर्गत बुधवार को अभियान चलाकर बिजली चोरी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई। बिजली चोरी करने वाले 15 आरोपी उपभोक्ताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई। वहीं बकाए और अन्य कारणों से 135 उपभोक्ताओं के खिलाफ कनेक्शन काटने की कार्रवाई की गई।