हार्ट सर्जरी करके कई लोगों की जान लेने वाला फर्जी चिकित्सक नरेंद्र जॉन।
- फोटो : अमर उजाला।
फर्जी हॉर्ट सर्जन नरेंद्र केम को गिरफ्तार करने के बाद मध्य प्रदेश की पुलिस बृहस्पतिवार को फिर प्रयागराज पहुंची। एमपी के दमोह जिले के मिशन अस्पताल का फर्जी हार्ट सर्जन नरेंद्र जॉन केम प्रयागराज के नैनी में स्थित ओमेक्स आनंदा में फ्लैट किराए पर लेकर रह रहा था। एमपी पुलिस ने फर्जी डॉक्टर के फ्लैट नंबर 511 की छानबीन की। पुलिस की जांच में फर्जी हॉट सर्जन के कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज भी बरामद हुए हैं, जिनके आधार पर ये तय होगा कि वह एमबीबीएस डॉक्टर है या नहीं। उसने कहां डॉक्टरी की पढ़ाई की है। पुलिस अब उन चिकित्सा संस्थानों में भी जाएगी और दस्तावेज के आधार पर उनका वेरिफिकेशन कराएगी। फिलहाल सुबह ओमेक्स आनंदा के फ्लैट नंबर 511 में पुलिस के पहुंचने से हड़कंप मच रहाष ओमेक्स आनंदा के मैनेजर को भी पुलिस ने मौके पर बुलवाया।
पुलिस के हाथ लगे अहम सबूत
पुलिस बृहस्पतिवार को सुबह नैनी ओमेक्स आनंदा के पांचवें फ्लोर के 511 फ्लैट में धमक पड़ी। फ्लैट में मकान मालिक जमुना सिंह को भी बुलाया गया था। पुलिस ने एन जॉन केम के फ्लैट में उसका सारा सामान वीडियोग्राफी कराकर खुलवाया। फ्लैट में एक बड़ा सूटकेस मिला है, जिसमें उसके शैक्षिक प्रमाण पत्र के साथ कई जरूरी दस्तावेज भी मिले हैं। पुलिस उनकी बारीकी से जांच कर रही है और फ्लैट में मिले सभी सामानों को सर्च कर उनकी लिस्टिंग कर रही है।